बरेली-पीलीभीत हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रक-ईको की टक्कर में दो की मौत, कई जख्मी

बरेली-पीलीभीत हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रक-ईको की टक्कर में दो की मौत, कई जख्मी

बरेली। बरेली-पीलीभीत हाईवे पर शुक्रवार देर रात सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। जहानाबाद थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक और ईको कार की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात कुछ समय के लिए ठप हो गया।

टक्कर इतनी भीषण कि उड़ गए कार के परखच्चे

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बरेली की ओर से आ रही ईको कार जैसे ही जहानाबाद क्षेत्र में पहुंची, सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि कार में कुल 12 लोग सवार थे, जिनमें से दो यात्री रास्ते में ही नवाबगंज में उतर गए थे। हादसे में सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के बाग गुलशेर खां निवासी रजत और एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद बरेली हायर सेंटर रेफर किया गया है। एक अन्य घायल का इलाज जिला अस्पताल में जारी है, जबकि छह घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन अपने साथ घर ले गए।

हादसे के बाद लगा लंबा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही जहानाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। एएसपी विक्रम दहिया और सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। एएसपी ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और एक घायल को बरेली रेफर किया गया है। मामले में तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *