बुलंदशहर में मंगलवार को उद्योग व्यापार मंडल (नरेंद्र) के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही कटौती से नाराज व्यापारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 24 घंटे बिजली आपूर्ति के आदेशों का हवाला देते हुए विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारी व्यापारियों ने आरोप लगाया कि शहर में बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों बिजली काटी जा रही है। इसके साथ ही, कम वोल्टेज की समस्या से भी व्यापारी, उद्यमी और आम उपभोक्ता परेशान हैं। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। उद्योग व्यापार मंडल के चेयरमैन राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार जहां निर्बाध बिजली आपूर्ति का दावा करती है, वहीं स्थानीय बिजली विभाग सरकार की मंशा के विपरीत काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी में लोग परेशान हैं और कम वोल्टेज के कारण इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। कारोबार पर नकारात्मक असर पड़ रहा नगर अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि अघोषित कटौती से व्यापार और उद्योग बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। फैक्ट्रियों का काम रुक रहा है और बाजारों में कारोबार पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए फॉल्ट के नाम पर घंटों तक बिजली आपूर्ति बंद रखता है। काली नदी रोड के महामंत्री मुकेश अरोड़ा ने औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली संकट के कारण उत्पादन प्रभावित होने की बात कही। उन्होंने बताया कि श्रमिक खाली बैठने को मजबूर हैं, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। नगर संगठन मंत्री धर्मराज ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही 24 घंटे बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो व्यापार मंडल बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर तालाबंदी करेगा। प्रदर्शन के बाद, व्यापार मंडल की ओर से मुख्यमंत्री को एक ऑनलाइन ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में अघोषित कटौती को तत्काल बंद करने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। इस प्रदर्शन में गौरव गुलरिज, अंसारी वारिस भाटी, प्रवीण कुमार, नासिर कड़ी, मलिक फारूक अंसारी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और उद्यमी मौजूद रहे।


