अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र स्थित रूपवास स्कूल और आंगनबाड़ी परिसर में मिले खून के निशानों का मामला अब सामने आ गया है। पुलिस ने घायल मजदूर सतीश कुमार की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार परिसर में दिखाई दिए खून के धब्बे किसी बड़ी वारदात नहीं बल्कि मजदूर के साथ हुई मारपीट और लूट की घटना के थे। पुलिस को दिए पर्चा बयान में टोडा निवासी सतीश कुमार ने बताया कि वह मजदूरी के लिए अलवर आया हुआ था। एक जून की रात शालीमार क्षेत्र में काम करने के बाद वह भूगोर स्थित शराब ठेके पर गया और बाद में रूपवास स्थित जगन्नाथ मंदिर के पास आंगनबाड़ी केंद्र के बरामदे में सो गया। सतीश के अनुसार रात में एक युवक उसके पास आया और मीट खाने के लिए कहा। मना करने पर युवक ने अचानक ईंट-पत्थरों से उसके सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने अपने एक अन्य साथी को बुला लिया और दोनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे और मारपीट के दौरान उसका रेडमी मोबाइल तथा उसमें रखे करीब दो हजार रुपये भी छीन ले गए। घायल मजदूर ने बताया कि आरोपी उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए। बाद में वह किसी तरह वहां से निकलकर सड़क किनारे पहुंचा और सुबह लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचकर इलाज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


