रायपुर में आज से सफाई ठेकेदारों की हड़ताल:70 वार्डों में काम ठप्प, 4 महीने से भुगतान नहीं मिलने का आरोप

रायपुर में आज से सफाई ठेकेदारों की हड़ताल:70 वार्डों में काम ठप्प, 4 महीने से भुगतान नहीं मिलने का आरोप

रायपुर नगर निगम में सफाई व्यवस्था को बड़ा झटका लगा है। भुगतान नहीं मिलने से नाराज सफाई ठेकेदारों ने आज से काम बंद कर दिया है। इसके चलते निगम के सभी 70 वार्डों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है। सफाई ठेकेदारों का आरोप है कि उन्हें पिछले चार महीने से भुगतान नहीं किया गया है। इसी मांग को लेकर दो दिन पहले उन्होंने नगर निगम आयुक्त और नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में समय पर भुगतान नहीं होने पर काम बंद करने की चेतावनी दी गई थी। ठेकेदारों के काम बंद करते ही शहर की सफाई व्यवस्था पर असर दिखने लगा है। कई वार्डों में सुबह कचरा उठाव नहीं हो सका, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यूजर चार्ज बढ़ते ही हड़ताल दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में नगर निगम ने आवासीय और व्यावसायिक यूजर चार्ज बढ़ाने का फैसला लिया था। विपक्ष पहले से ही इस फैसले का विरोध कर रहा है। अब सफाई ठेकेदारों की हड़ताल ने निगम की व्यवस्था पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि शहर में पहले से सफाई व्यवस्था बदहाल है और अब भुगतान नहीं होने से ठेकेदार हड़ताल पर चले गए हैं। उन्होंने निगम प्रशासन से तत्काल भुगतान कर व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। शहर में बढ़ सकती है परेशानी यदि हड़ताल लंबी चली तो राजधानी में कचरे का संकट गहरा सकता है। गर्मी और बारिश के मौसम में सफाई व्यवस्था ठप्प होने से बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। फिलहाल निगम प्रशासन ठेकेदारों से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश में जुटा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *