अयोध्या जिले की सभी तहसीलों में आज संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मिल्कीपुर तहसील सभागार में मुख्य विकास अधिकारी को फरियादियों की समस्याएं सुननी थीं, लेकिन वह नहीं पहुंचे। उनके स्थान पर एसडीएम, क्षेत्राधिकारी और तहसीलदार ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। वहीं सीडीओ रुदौली तहसील के समाधान दिवस में पहुंचे। वहां विधायक, एसडीएम, तहसीलदार समेत अन्य अधिकारियों के साथ फरियाद सुनी गई। दरअसल जिलाधिकारी को रुदौली तहसील में आना था, लेकिन किन्हीं कारणों से वह नहीं पहुंच सके, जिसके चलते सीडीओ ने जिम्मेदारी संभाली। सोहावल तहसील में एडीएम/एफआर को समाधान दिवस में पहुंचना था,लेकिन वह भी नहीं आए। ऐसे में एसडीएम समेत तहसील के अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। मिल्कीपुर समाधान दिवस में कुमारगंज थाना क्षेत्र के तेंधा गांव निवासी मोहनलाल गुप्ता ने शिकायत दी कि ग्राम पंचायत पालपुर की सरकारी भूमि गाटा संख्या 1272 पर कब्जा करके निर्माण कर लिया गया है। मोहनलाल 2021 से 57 बार शिकायत कर चुके हैं। जांच में गलत निर्माण पाया गया और लेखपाल ने धारा67 के तहत भरत लाल व केशव राम के खिलाफ बेदखली की रिपोर्ट दी। आरोप है कि केशव राम ने लेखपाल से मिलीभगत कर सरकारी जमीन पर कब्जा किया और आधी जमीन 3 लाख में बेच दी, बाकी पर निर्माण कर लिया। अब तक केवल भरत लाल के खिलाफ कार्रवाई हुई, केशव राम के खिलाफ बेदखली नहीं हुई। एसडीएम ने नायब तहसीलदार को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। गोयड़ी गांव निवासी अनुराग सिंह ने शिकायत दी कि 18 अप्रैल 2026 को पशुसेड के गलत निर्माण मनरेगा एक्ट का पालन न किए जाने की शिकायत की थी। सीडीओ के आदेश के बाद भी बीडीओ ने जांच नहीं की।22 अप्रैल को दोबारा प्रार्थना पत्र दिया, पर कार्रवाई नहीं हुई।अब फिर जांच के निर्देश दिए गए। नगर पंचायत कुमारगंज निवासी राम बहादुर पाण्डेय के तीन बेटों अजय, विजय और संजय के बीच 6 माह से जमीनी विवाद चल रहा था। थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल के प्रयास से तीनों भाइयों में सुलह हो गई।समाधान दिवस में कई पुराने मामले भी आए जिनका निस्तारण अब तक नहीं हुआ है। अधिकारियों ने शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।


