जालौन के जिला मुख्यालय उरई में स्थित विकास भवन में तैनात एक कर्मचारी द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हरिसिंह राठौर के रूप में हुई है, जो मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कार्यालय में नाजिर पद पर कार्यरत थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिसिंह राठौर ने बीती रात अपने आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उरई कोतवाली क्षेत्र के नया पटेल नगर स्थित राजकीय कॉलोनी की बताई जा रही है। सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि आत्महत्या के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। परिवार के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और किसी ठोस वजह की जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। मृतक के घर में पत्नी, बेटा और बेटी हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोगों और परिचितों में भी शोक की लहर दौड़ गई है। इस मामले में उरई कोतवाली की प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किन परिस्थितियों में हरिसिंह राठौर ने यह कदम उठाया। साथ ही, परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और हर कोई इस अप्रत्याशित घटना को लेकर स्तब्ध है।


