अवैध बजरी परिवहन पर टोंक पुलिस की कार्रवाई, छह ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, पुलिस को देख चालक मौके से भागे

अवैध बजरी परिवहन पर टोंक पुलिस की कार्रवाई, छह ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, पुलिस को देख चालक मौके से भागे

Tonk News : टोंक। जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने दो जगह पर सख्त कार्रवाई की है। निवाई क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बरोनी थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने अवैध बजरी से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है, जिससे इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा गया।

पुलिस को देखकर चालक मौके से भागे

बरोनी थानाधिकारी व प्रशिक्षु आरपीएस कुसुम ने बताया कि पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम क्षेत्र के गांव बहड़ में नियमित गश्त कर रही थी । इसी दौरान कच्चे रास्ते पर अवैध बजरी से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां आती दिखाई दी। पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उक्त रास्ते पर अवरोध लगा दिए। पुलिस वाहन को देखकर चालक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रास्ते में छोड़कर मौके से फरार हो गए ।

ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरी हुई थी 8-8 टन बजरी

जांच में सामने आया कि तीनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में करीब 8-8 टन अवैध बजरी भरी हुई थी। इनके पास कोई वैध परिवहन दस्तावेज मौजूद नहीं थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर लिया और थाने लाकर सुरक्षित खड़ा करवा दिया। पुलिस ने चालक व मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि अवैध बजरी खनन और परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले समय में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

अवैध बजरी से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ी

वहीं, दूनी पुलिस ने भी अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ी हैं। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी चालक मौके से फरार हो गए। थानाप्रभारी रतनसिंह तंवर ने बताया कि धांधोली चौराहे से एक तथा सोमवार तड़के दूनी नहर के पास से दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की गईं। पुलिस ने फरार चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि अवैध खनन और परिवहन की सूचना पुलिस को दें ताकि मामलों पर रोक लगाई जा सके और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *