सीकर में आज सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। आज दिन का अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। आज सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसाया। हालांकि शादियों का सीजन होने की वजह से मार्केट में सूनापन नहीं था, लेकिन लोग गर्मी से बचने के उपाय करते नजर आए। गर्मी से बचाव के लिए लोग पेड़ों की छाया का सहारा ले रहे हैं, एसी-कूलर की साफ-सफाई की जा रही है। सुबह तेज धूप और गर्म हवाओं के बाद शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए। सीकर में आज दिन के तापमान में 4 डिग्री की बढ़ाेतरी हुई है। इससे पहले रविवार रातभर गर्म हवाएं चलीं। आज सुबह से तेज धूप के बाद शाम को मौसम में परिवर्तन हो गया है, बादल छाने के कारण तेज धूप से कुछ राहत मिली है। लेकिन गर्मी फिर भी बरकरार है। सीकर समेत पूरे शेखावाटी में पिछले डेढ़ सप्ताह से तेज गर्मी पड़ रही है और अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार बना हुआ है। लोग मुंह ढककर ही बाहर निकल रहे हैं। सीकर जिले में फतेहपुर के कृषि अनुसंधान केंद्र स्थित मौसम केंद्र पर आज दिन का अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री और आज सुबह का न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री दर्ज किया गया था। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार सीकर जिले में अगले 3 दिन मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आज बादलों की आवाजाही बढ़ी है, ऐसे में आज शाम को तापमान में मामूली गिरावट हुई है। रात को गर्म हवाओं की वजह से गर्मी महसूस हो रही है। 3 मई तक मौसम में बदलाव होंगे, इस दौरान बादल छाने, हल्की बारिश, तेज गर्म हवाएं चलने और उसके बाद धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।


