उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र की दीवान शाह कॉलोनी में रहने वाले एक पडोसी ने दूसरे पडोसी परिवार पर तलवार-चाकू से हमला कर दिया। बदमाशों ने घर में मौजूद मोहम्मद आदिल और मोहम्मद अकरम पर तलवार और चाकू से ताबड़तोड़ हमला किए। इस हमले में दोनों के पैरों में गंभीर चोट लगी है। बीच-बचाव के दौरान इनकी मां को भी हाथ में चोट लगी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। हमले के बाद परिवार के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, उससे पहले ही आरोपी वहां से भाग चुके थे। वहीं, घायलों को तुरंत हॉस्पिटल भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल हमले की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शाहरुख और शहीद ने हम पर हमला किया: आदिल
पीड़ित मोहम्मद आदिल ने बताया कि रविवार शाम को दो पुलिसवाले हमारी कॉलोनी में आए थे और वो मुझसे किसी का एड्रेस पूछ रहे थे। उसके कुछ देर बाद हमारे घर के सामने रहने वाले शाहरुख और शहीद मेरे पास आए। बोले-तुम हमारी मुखबिरी कर रहे हो। ये ठीक नहीं है। फिर कुछ देर बाद शाहरुख मेरे घर में तलवार लेकर घुसा और मुझ पर हमला कर दिया। फिर इसका भाई शहीद चाकू लेकर आया। उसने भी मेरी मां और भाई पर हमला कर दिया। जिससे हम घायल हो गए।


