लखीमपुर खीरी के भीरा वनरेंज क्षेत्र में भीरा-कुकरा जंगल के पास आबादी के नजदीक एक टाइगर देखा गया। बीती रात सड़क पर टहलते हुए टाइगर को राहगीरों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पलिया निवासी सतेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ गोला से एक धार्मिक अनुष्ठान के बाद लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे जब वे भीरा के पास पहुंचे, तो उनकी गाड़ी के सामने एक वयस्क टाइगर आ गया। टाइगर को देखकर सतेंद्र ने तुरंत गाड़ी रोक दी। उन्होंने उसके जंगल की ओर जाने का इंतजार किया और इस दौरान मोबाइल से टाइगर की तस्वीरें व वीडियो बना लिए। सतेंद्र के अनुसार, टाइगर काफी देर तक सड़क पर टहलता रहा और फिर शांति से जंगल में चला गया। इस घटना के बाद से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से आबादी के पास गश्त बढ़ाने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि एक टीम को मौके पर भेजा गया है। पगमार्क के आधार पर टाइगर की गतिविधियों पर नज़र रखी जा रही है। ग्रामीणों से रात में अकेले बाहर न निकलने की अपील भी की गई है।


