दंतेवाड़ा में बिजली गिरने से महिला की मौत, 11 घायल:कोरबा में अंधड़ से गिरे पेड़, 5 दिन 60 KM रफ्तार से हवाएं चलेंगी

दंतेवाड़ा में बिजली गिरने से महिला की मौत, 11 घायल:कोरबा में अंधड़ से गिरे पेड़, 5 दिन 60 KM रफ्तार से हवाएं चलेंगी

छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिलहाल बदला हुआ ही रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले पांच दिनों तक अलग-अलग जगहों पर गरज-चमक, तेज हवाओं (50-60 किमी रफ्तार) और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि, अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में कोई बड़ा उलटफेर दर्ज नहीं किया गया। इस दौरान सबसे ज्यादा तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज हुआ। वहीं, सुकमा जिले में 2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। इधर, दंतेवाड़ा जिले के चंदेनार इलाके में चल रहे जात्रा (मेला) में मंगलवार शाम बिजली गिरने से 12 ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए। इनमें से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोरबा में भी आंधी-तूफान, गरज-चमक के साथ बारिश हुई। तेज हवाओं के कारण कई जगह बैनर-पोस्टर उड़ गए और पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर पड़ीं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तीन मौसमी सिस्टम एक्टिव मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में एक साथ तीन महत्वपूर्ण मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे छत्तीसगढ़ के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) अभी भी 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक सक्रिय है। इसके अलावा इसी सिस्टम से जुड़ी एक ट्रफ रेखा विदर्भ, तेलंगाना और रायलसीमा होते हुए पूर्वोत्तर तमिलनाडु तक फैली हुई है। वहीं एक दूसरी लंबी ट्रफ रेखा मध्य पाकिस्तान से पश्चिम बंगाल तट तक फैली है, जो पूर्वोत्तर राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड होते हुए गुजर रही है। इन सिस्टमों के कारण प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है, जिससे आंधी-बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। कल के लिए यलो अलर्ट जैसा मौसम मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। दो दिन 50-60 किमी रफ्तार से हवा चलेगी अगले दो दिनों के दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। रायपुर का मौसम राजधानी में आज बादल छाए रहने, गरज-चमक, धूलभरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अचानक बदल सकता है मौसम, सतर्क रहें मौसम विभाग के मुताबिक दोपहर की गर्मी बनी रहेगी, लेकिन शाम के समय मौसम बदल सकता है। कई जिलों में तेज हवा चल सकती है और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। किसानों को कटाई और खुले में रखी उपज की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह। तेज हवा के दौरान पेड़, होर्डिंग और बिजली लाइनों के पास सावधानी बरतने की जरूरत है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *