ललितपुर जिला प्रशासन ने उत्तर प्रदेश नागरिक पुलिस आरक्षी एवं समकक्ष पदों पर भर्ती-2025 की प्रवेश परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह तीन दिवसीय परीक्षा 8 से 10 जून तक आयोजित होगी, जिसके लिए जिले में 8 केंद्र बनाए गए हैं। बड़ी संख्या में बाहरी जनपदों से अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे। इन अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के निर्देश पर निःशुल्क आवासीय सुविधा की व्यवस्था की गई है। यह सुविधा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के सामने और कोतवाली सदर के सामने स्थित रैन बसेरों में उपलब्ध है। ये रैन बसेरे नगर पालिका और डूडा द्वारा संचालित हैं। इसके अतिरिक्त, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थलों पर रैन बसेरों की जानकारी के लिए सूचना पट लगाए गए हैं। इन्हीं व्यवस्थाओं का अंतिम जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने रविवार रात को रैन बसेरों और रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले डाइट के सामने डूडा द्वारा संचालित रैन बसेरा का दौरा किया। वहां रुके कुछ अभ्यर्थियों से बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें स्टेशन पर लगे बोर्ड और स्थानीय लोगों से रैन बसेरा की जानकारी मिली थी, और यहां की व्यवस्थाएं अच्छी हैं। इसके बाद, अधिकारियों ने सदर कोतवाली के सामने स्थित रैन बसेरा का निरीक्षण किया। यहां उस समय कोई अभ्यर्थी नहीं रुका था, लेकिन ठहरने और शयन की सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। जिलाधिकारी ने इस रैन बसेरा में कूलर लगाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया और अभ्यर्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ अभ्यर्थियों को रैन बसेरों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर सुनील भारद्वाज, थानाध्यक्ष व अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।


