8-9 मंत्रियों के पुत्र कर रहे आरसीए के लिए दावेदारी:अमीन पठान बोले-चुनाव नहीं करवा पा रही सरकार, राजनीति का अखाड़ा बनी क्रिकेट

8-9 मंत्रियों के पुत्र कर रहे आरसीए के लिए दावेदारी:अमीन पठान बोले-चुनाव नहीं करवा पा रही सरकार, राजनीति का अखाड़ा बनी क्रिकेट

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमीन पठान आज जोधपुर दौरे पर पहुंचे। पठान ने जोधपुर के सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार पूरी तरीके से फेल साबित हो रही है। अमीन पठान ने कहा कि राजस्थान में जब से भाजपा राज में खेल और खिलाड़ियों की दुर्दशा हो रही है। ढाई साल से राजस्थान क्रिकेट संघ के चुनाव नहीं हुए हैं। आठ नौ मंत्रियों के पुत्र अलग-अलग जिलों के क्रिकेट संगठन में आ गए हैं और अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं इस वजह से आरसीए के चुनाव नहीं हो पा रहे। ढाई साल से केवल एडोब कमेटी से काम चल रहा है। चुनाव नहीं होने की वजह से जयपुर में जो अंतरराष्ट्रीय मैच होते थे वे अब नहीं हो रहे हैं। राजनीतिक अखाड़ा बनी क्रिकेट राजस्थान में क्रिकेट राजनीति का अखाड़ा बनकर रह गया है, जिसका नुकसान खिलाड़ियों को हो रहा है। यही हाल दूसरे खेलों में भी हो रहा है। हमारी सरकार ने ग्रामीण ओलंपिक करवा कर इतिहास रचा था। गांवों में भी लोगों को खेलों से जोड़ने का काम किया था, लेकिन जब से यह सरकार बनी है तब से ही खेल और खिलाड़ियों के बुरे दिन शुरू हो गए हैं। पिछली सरकार में ग्राउंड और स्टेडियम के कार्य शुरू हुए थे जो इस सरकार में ठंडे बस्ते में हैं एवं खिलाड़ियों को खेल कोटे की नौकरी भी नहीं दी जा रही है एवं चयन में खिलाड़ियों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। अमीन पठान ने दावा किया कि ऐसा पहली बार हो रहा है जब 2 साल के बाद भी राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ कोई जनाक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी डर की वजह से सरकार निकाय और पंचायत चुनाव नहीं करवा रही है क्योंकि उसे पता है कि चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा। अमीन पठान ने कहा कि कोर्ट बार-बार चुनाव कराने के निर्देश दे रहा है लेकिन सरकार चुनाव नहीं करवा रही है। यह भी एक तरह से लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश है। जनता पर पड़ रही महंगाई की मार जोधपुर कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व राज्य मंत्री अमीन पठान ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार जनता को महंगाई की मार मार रही है। आज ही सुबह रसोई गैस के दामों में 29 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है। एक तरफ जनता बेरोजगारी से परेशान है तो वहीं अब उन्हें महंगाई की दोगुनी मार मारी जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *