यह लड़का क्रिकेट का अगला ‘भगवान’… अजीत मैं तुमसे कह रहा हूं, वैभव सूर्यवंशी को जल्दी टीम इंडिया में शामिल करो

यह लड़का क्रिकेट का अगला ‘भगवान’… अजीत मैं तुमसे कह रहा हूं, वैभव सूर्यवंशी को जल्दी टीम इंडिया में शामिल करो

Kris Srikkanth on Vaibhav Sooryavanshi: पूर्व चीफ सेलेक्‍टर क्रिस श्रीकांत ने वर्तमान चीफ सेलेक्‍टर अजीत अगरकर से वैभव सूर्यवंशी को जल्‍द ही टीम इंडिया में शामिल करने को कहा है। इसके साथ ही उन्‍होंने सचिन तेंदुलकर से तुलना करते हुए कहा कि यह लड़का क्रिकेट का अगला ‘भगवान’ बन सकता है। 

Kris Srikkanth on Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 में इस बार भी वैभव सूर्यवंशी सबसे ज्‍यादा सुर्खियों में हैं। इस सीजन वह सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले बल्‍लेबाजों की लिस्‍ट में टॉप-5 में शामिल हैं। जबकि सबसे ज्‍यादा स्‍टाइक रेट वाले बल्‍लेबाजी की सूची में दूसरे स्‍थान पर हैं। यही वजह है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से इस 15 साल के खिलाड़ी को राष्ट्रीय टीम में जल्‍द शामिल करने की मांग जोर पकड़ रही है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर क्रिस श्रीकांत ने भी चीफ सेलेक्‍टर अजीत अगरकर से वैभव को न केवल टीम में शामिल करने को कहा है, बल्कि इस युवा खिलाड़ी की तुलना सचिन तेंदुलकर से करते हुए क्रिकेट का अगला ‘भगवान’ बताया है।

पूर्व चीफ सेलेक्‍टर की मौजूदा चीफ सेलेक्‍टर से अपील

‘द वीक’ से बातचीत में पूर्व चीफ सेलेक्‍टर श्रीकांत ने मौजूदा चीफ सेलेक्‍टर अजीत अगरकर से अपील की कि वे सूर्यवंशी को जल्द से जल्द भारतीय टीम में शामिल करें। उन्होंने माना कि वह इस युवा खिलाड़ी के निडर क्रिकेट खेलने के अंदाज से बहुत प्रभावित हुए हैं, जिसने पिछले साल आईपीएल में डेब्यू के बाद से ही फैंस को अपना दीवाना बना लिया और इस सीजन जसप्रीत बुमराह और जोश हेजलवुड जैसे बेहतरीन गेंदबाजों की भी धुनाई की।

‘अजीत, मैं तुमसे कह रहा हूं’

श्रीकांत ने कहा कि यह लड़का, सूर्यवंशी… जरा सोचिए, कोई ऐसे शॉट्स कैसे खेल सकता है? यह लड़का सचमुच जबरदस्त और शानदार है। अजीत, मैं तुमसे कह रहा हूं, तुम्हें इसे तेजी से टीम में शामिल करना होगा। अगली सीरीज में इसे खेलना चाहिए। मैं पिछले साल से ही यह बात कह रहा हूं। इसे जल्‍दी से टीम में शामिल किया जाना चाहिए था। यहां तक कि T20 विश्व कप की टीम में भी। इसे सीधे प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की जरूरत नहीं है। पहले 15 खिलाड़ियों की टीम में शामिल होने दो, माहौल को समझने दो और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव लेने दो।

‘यह लड़का पलक झपकते ही मैच जिता सकता है’

श्रीकांत ने अपने रुख पर कायम रहते हुए सावधानी बरतने की जरूरत को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि मुझे लगता है कि सूर्यवंशी को तेजी से आगे बढ़ाना चाहिए। उसे समय दो, उसे लगातार खेलने दो’ इस बात का कोई सवाल ही नहीं उठता। यह लड़का आपको पलक झपकते ही मैच जिता सकता है। जरा सोचिए, पहली ही गेंद पर वह बुमराह को छक्का जड़ देता है। हेजलवुड की भी जमकर धुनाई करता है। उसे इस बात की कोई परवाह नहीं होती कि गेंदबाज कौन है। वह एक अद्भुत प्रतिभा है।

‘यह लड़का भी क्रिकेट का अगला ‘भगवान’’

उन्‍होंने आगे कहा कि जब मैं 1989 में कप्तान बनकर गया था, तो वहां एक अद्भुत प्रतिभा थी। 16 साल का सचिन तेंदुलकर। आज, वह ‘क्रिकेट का भगवान’ है। ठीक इसी तरह, यह लड़का भी क्रिकेट का अगला ‘भगवान’ बन सकता है। रिपोर्ट की मानें तो वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 के बाद भारत के लिए डेब्यू करने को तैयार हैं।

एक रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें भारत के आगामी टी20 इंटरनेशनल मैचों के लिए चुने गए 35 संभावित खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया गया है। ऐसी भी संभावना है कि उनका यह इंतजार जून में होने वाले आयरलैंड दौरे पर खत्म हो सकता है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *