Double murder in Delhi: नई दिल्ली में सब्जी बेचने वाले की पत्नी और बेटे की निर्दयता से हत्या कर दी गई। दोनों को चाकू से गोदा गया था, जिससे शरीर पर चाकू के निशान बने हुए हैं। घटना की जानकारी उस समय हुई जब रात में 12 बजे युवक घर पहुंचा और दरवाजा खोला। अंदर पत्नी और बेटे की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। लूटपाट के दौरान हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना दिल्ली के गोविंदपुरी थाना क्षेत्र का है। मृतका मूल रूप से बदायूं की रहने वाली है। घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
मृतका और बच्चे बदायूं के रहने वाले
उत्तर प्रदेश के बदायूं के अडौली उजियानी गांव के निवासी विष्णु साहू दिल्ली के गोविंदपुरी थाना क्षेत्र में रहते हैं, जो सब्जी बेचने का काम करते हैं। बुधवार की देर रात विष्णु साहू करीब 12:00 बजे अपने घर पहुंचे। घर की स्थिति देखकर विष्णु साहू के रोंगटे खड़े हो गए। पत्नी शारदा और बेटे खुशहाल के खून से लथपथ शव जमीन में पड़ाे थे; यह देखकर विष्णु साहू की चीख निकल गई।
गोविंदपुरी में परिवार के अन्य सदस्य रहते हैं।
उन्होंने घटना की जानकारी गोविंदपुरी में रहने वाली बड़ी बहन गुड़िया को दी। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची गोविंदपुरी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जहां से साक्ष्य एकत्र किए गए।
लूट के दौरान हत्या
विष्णु साहू के हवाले से घटना, पुलिस उपायुक्त ने बताया कि घर की अलमारी से नकदी और आभूषण गायब हैं। बताया गया कि विष्णु ने पांच-पांच लाख रुपए की दो कमेटियां छुड़ाई थीं। हत्यारोपियों ने दोनों की हत्या करने के बाद नकदी और जेवरात लूट ले गए।
क्या कहते हैं परिजन?
विष्णु साहू ने बताया कि पत्नी और बच्चे के शरीर पर चाकू के निशान बड़ी संख्या में बने थे; इससे लगता है कि हत्यारों ने निर्दयता के साथ मारा है। घर की स्थिति देखकर ऐसा लग रहा था जैसे खाना बनाने की तैयारी चल रही है। हत्या की जानकारी मिलते ही मौके पर दिल्ली के रहने वाले परिजन पहुंच गए, जो रो रोकर बुरा हाल था।
बेटे को गोद लिया, नाम रखा खुशहाल
दिनेश साहू ने बताया कि विष्णु की पहली पत्नी की करंट लगने से 2002 में मौत हो गई थी। बाद में उन्होंने शारदा से शादी की। कोई बच्चा ना होने के कारण उन्होंने मेरे बेटे को गोद लिया था, जिसका नाम खुशहाल रखा गया, जो सातवीं कक्षा में पढ़ता था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया। लेकिन इलाके के सभी सीसीटीवी खराब पड़े थे।


