गोरखपुर में रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी को एक अहम सफलता मिली है। रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग और निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में 20 अप्रैल 2026 को जीआरपी थाना गोरखपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने गोरखपुर छावनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 के पूर्वी छोर से आरोपी को पकड़ा। गिरफ्तार युवक की पहचान मासूम अली (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कुशीनगर जिले के पड़रौना थाना क्षेत्र के पिपरा मजरा बसहिया गांव का निवासी है। रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की अलग अलग धाराओं में आरोपी के खिलाफ जीआरपी थाना गोरखपुर में मुकदमा दर्ज है। पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ के दौरान मासूम अली ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि कुछ दिन पहले वह शराब के नशे में था और उसी हालत में उसने चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी कर दी थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने माना कि उसकी इस हरकत से यात्रियों की जान को खतरा हो सकता था। आरोपी ने पुलिस से सामने कबूलनामा में ऐसी गलती दोबारा न करने की बात भी कही है। अभियान के तहत लगातार हो रही कार्रवाई
रेलवे पुलिस द्वारा इन दिनों विशेष अभियान चलाकर ट्रेनों पर पत्थरबाजी, चोरी, अवैध शराब की तस्करी और अन्य अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी घटना को होने से पहले रोका जा सके। गिरफ्तारी से घटनाओं में कमी की उम्मीद
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से ट्रेनों पर होने वाली पत्थरबाजी की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। ऐसी घटनाएं न सिर्फ रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि यात्रियों की जान के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती हैं। आगे की कार्रवाई जारी
फिलहाल आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले किसी अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है या नहीं। रेलवे पुलिस ने आम जनता और यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इससे समय रहते कार्रवाई कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।


