बिजनौर जिला जेल में एक बंदी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान दीपक (30) पुत्र चंद्रपाल, निवासी ग्राम पृथ्वीपुर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बंदी की मौत की खबर जैसे ही उसके परिजनों को मिली, वे सैकड़ों ग्रामीणों के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। दीपक पिछले डेढ़ साल से शहर कोतवाली में दर्ज लूट के एक मामले में जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि वह करीब एक माह से बीमारी के चलते जेल अस्पताल में भर्ती था और उसने दोपहर में खाना भी खाया था। परिजनों ने दीपक की हत्या का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम हाउस पर लगातार विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए थाना प्रभारी रामप्रताप और पुलिस बल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह और सिटी संग्राम सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को जेल में एक सजायाफ्ता बंदी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर फॉरेंसिक टीम, मजिस्ट्रेट और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। नियमानुसार पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि मृतक शहर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर था।


