मऊगंज जिले के नईगढ़ी में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्यादान योजना के तहत 176 जोड़ों की शादी और निकाह का आयोजन किया गया। नवीन स्टेडियम में हुए इस भव्य कार्यक्रम में जहाँ खुशियों का माहौल था, वहीं खाने में कीड़ा मिलने और पोस्टर विवाद के कारण हंगामा भी हुआ। इस सामूहिक समारोह में हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रों के साथ सात फेरे लिए और मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ा गया। शासन की योजना के अनुसार सभी नवदंपतियों को उपहार भी बांटे गए। कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्रा और विधायक नरेंद्र प्रजापति सहित कई बड़े अधिकारी मौजूद रहे। सांसद ने कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जिससे बिना किसी कर्ज के बेटियों के हाथ पीले हो रहे हैं। खाने के पैकेट में निकला कीड़ा आयोजन के दौरान उस समय स्थिति बिगड़ गई जब सामाजिक न्याय विभाग की ओर से बांटे गए खाने के पैकेट में कीड़ा मिलने की बात सामने आई। एक व्यक्ति ने जैसे ही अपना पैकेट खोला, उसमें कीड़ा रेंगता दिखा। यह देखते ही वहां मौजूद लोग भड़क गए और खाने की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जाहिर की। पोस्टर से विधायक की फोटो गायब कार्यक्रम में एक और विवाद तब हुआ जब मंच पर लगे मुख्य पोस्टर से मनगवां विधायक नरेंद्र प्रजापति की तस्वीर गायब मिली। विधायक की मौजूदगी के बावजूद पोस्टर में उनकी फोटो न होने पर समर्थकों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा और विरोध का माहौल बना रहा। अफसरों की मौजूदगी में संपन्न हुई रस्में तमाम विवादों के बीच एडीएम पीके पांडे, एसडीएम एपी द्विवेदी और जनपद सीईओ सहित अन्य अधिकारियों ने व्यवस्थाएं संभालीं। जनप्रतिनिधियों ने दूल्हा-दुल्हन पर फूल बरसाकर उन्हें सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। जिले के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि खाने की शिकायत और पोस्टर विवाद के मामले की जांच की जाएगी।


