Suvendu Adhikari PA Death: पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या के मामले में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस हाईप्रोफाइल मर्डर केस के तार यूपी के बलिया से जुड़े हैं, जहां के रहने वाले राज सिंह को बंगाल पुलिस ने अयोध्या से गिरफ्तार कर लिया है। खुद को समाजसेवी बताने वाला राज सिंह राजनीति में भी हाथ आजमा चुका है और बलिया के वार्ड नंबर 15 से सभासद का चुनाव भी लड़ चुका है। बताया जा रहा है कि वह लखनऊ में एक शादी समारोह से लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठी पुलिस टीम ने उसे धर दबोचा।
अयोध्या में घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी
बंगाल पुलिस की स्पेशल टीम पिछले कई दिनों से राज सिंह की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए थी। जैसे ही पुलिस को खबर मिली कि वह लखनऊ में एक शादी में शामिल होने गया है, टीम अलर्ट हो गई। रविवार की देर रात जब वह वापस लौट रहा था, तभी अयोध्या के पास पुलिस ने उसे घेरकर हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई की भनक स्थानीय लोगों को तब लगी जब पुलिस की गाड़ियां अचानक आनंद नगर पहुंचीं, लेकिन तब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुका था।
चुनाव लड़ चुका है आरोपी, पुराना है आपराधिक रिकॉर्ड
राज सिंह की पहचान इलाके में महज एक आम नागरिक की नहीं है। खुद को समाजसेवी बताने वाला राज सिंह राजनीति में भी सक्रिय रहा है और वार्ड नंबर 15 से सभासद का चुनाव भी लड़ चुका है। इतना ही नहीं, उसका पुराना रिकॉर्ड भी दागदार रहा है। कुछ साल पहले सदर कोतवाली क्षेत्र में एक मामूली विवाद में अंडा दुकानदार को गोली मारने के मामले में भी उसका नाम सामने चर्चा यह भी है कि उसे कुछ स्थानीय नेताओं का साथ मिला हुआ था, जिसकी वजह से वह बेखौफ रहता था।
सन्नाटे में आनंद नगर, परिवार हुआ फरार
गिरफ्तारी की खबर लगते ही राज सिंह के आनंद नगर स्थित आवास पर सन्नाटा पसर गया है। सोमवार को जब जांच पड़ताल शुरू हुई तो उसके घर पर बड़ा सा ताला लटका मिला। पड़ोसियों का कहना है कि पुलिस की दबिश के बाद से ही परिवार के सदस्य घर छोड़कर कहीं चले गए हैं। मोहल्ले के लोग डरे हुए हैं और इस बारे में ज्यादा कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। पड़ोसियों का कहना है कि रात में अचानक कुछ गाड़ियां आई थीं और सादे कपड़ों में आए लोग पूछताछ कर रहे थे, जिसके बाद इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।
जांच में जुटी बंगाल और यूपी पुलिस
इस मामले में बंगाल पुलिस अब राज सिंह को रिमांड पर लेकर कोलकाता जाएगी। वहां उससे पूछताछ की जाएगी कि सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या में उसकी क्या भूमिका थी और इस साजिश में उसके साथ और कौन-कौन शामिल है। वहीं, इस कार्रवाई के बाद बलिया पुलिस भी अलर्ट मोड पर है और बंगाल पुलिस से केस की पूरी जानकारी जुटा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।


