फर्रुखाबाद में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में लगातार हो रही वृद्धि ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होने लगी हैं, जिससे लोगों की नींद और दिनचर्या दोनों प्रभावित हो रही हैं। तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कें और बाजार सूने दिखाई दिए। अनावश्यक कार्य से बाहर निकलने वाले लोगों को झुलसाने वाली गर्मी और लू का सामना करना पड़ा।
लोग पसीने से तरबतर नजर आए। घरों में पंखे और कूलर भी राहत देने में नाकाम साबित हुए। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है। मंगलवार को तेज धूप से बचाव के लिए लोग अंगोछा और छाते का प्रयोग करते दिखे। चिकित्सकों ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। उन्होंने पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढककर रखने को कहा है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। गर्मी से निजात दिलाने के लिए फर्रुखाबाद के रोडवेज बस स्टैंड पर प्रशासन द्वारा एक कूलिंग सेंटर बनाया गया है। मंगलवार को पुलिस भर्ती परीक्षा देने आए अभ्यर्थी इस कूलिंग सेंटर में बैठे नजर आए। फर्रुखाबाद में इटावा बरेली मैनपुरी कन्नौज ललितपुर अमरोहा हरदोई रामपुर आदि जनपदों से भर्ती परीक्षा देने के लिए आए हुए हैं। मंगलवार को दोपहर 1:00 बजे करीब रेलवे रोड पर इटावा के आनंद नगर से आई शिल्पी अपने पिता सुरेंद्रनाथ के साथ पेड़ के नीचे बैठी थी। उनके साथ ही इटावा के ही भरथना निवासी नेहा और बकेवर निवासी शालिनी भी बैठी थी। उन्होंने बताया कि शाम की पाली में उनके प्रश्न पत्र है बाइक से यहां आए हैं ऐसे में गर्मी लग गई। पेड़ की छांव में बैठे तो राहत मिली है।


