रोहतक के गांव जसिया स्थित सर छोटूराम धाम का संचालन कर रहे जाट सेवा संघ ट्रस्ट की मीटिंग चेयरमैन रणधीर सिंह की अध्यक्षता में हुई। मीटिंग के दौरान उपस्थित सदस्यों ने 6 प्रस्तावों को पास किया। साथ ही दिल्ली युवा प्रदेशाध्यक्ष पद पर गांव पूठ कलां निवासी सुनील कुमार सोलंकी को नियुक्त किया। मीटिंग के दौरान उपस्थित सदस्यों के सामने 6 प्रस्ताव रखे गए, जिनमें सर छोटूराम धाम के निर्माण कार्य एवं अन्य गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई। ट्रस्ट की गवर्नेंस संरचना, कार्यप्रणाली एवं प्रशासनिक दक्षता की समीक्षा कर आवश्यक सुधारों पर कार्यवाही करने का निर्णय लिया गया। ट्रस्ट में गठित की जाएगी तकनीकी कमेटी मीटिंग के दौरान ग्रामीण विद्यार्थियों तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कोर्स का अधिकतम लाभ पहुंचाने हेतु योजना बनाई गई। कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए नए रोजगारोन्मुखी कोर्स प्रारंभ करने पर विचार एवं इसके लिए तकनीकी कमेटी गठित करने की अनुशंसा की गई। मीटिंग के दौरान संगठन में अनुशासन बनाए रखने व धाम विरोधी गतिविधियों पर रोक लगाने हेतु ठोस कार्यवाही करने की अनुमति दी गई। साथ ही ट्रस्ट के संविधान संशोधन संबंधी सुझावों को सर्वखाप द्वारा गठित 23 सदस्यीय कमेटी के समक्ष प्रस्तुत करने पर सहमति जताई गई। यशपाल मलिक को मीटिंग में नहीं किया शामिल
जाट सेवा संघ के पूर्व चेयरमैन यशपाल मलिक को मीटिंग में नहीं बुलाया गया। यशपाल मलिक व रणधीर सिंह के बीच विवाद चल रहा है। दोनों एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप करते है, जिसके कारण उन्हें मीटिंग का न्योता नहीं दिया। यशपाल मलिक ने तो मीटिंग करके रणधीर सिंह को चेयरमैन पद से हटाकर गंगाराम श्योराण को चेयरमैन बना रखा है, लेकिन अभी तक उन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया।


