142 साल में चौथी बार काशी 45 डिग्री के पार:29 अप्रैल से एक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ,नगर निगम ने सड़क पर लगाई ‘ग्रीन शेड’ की छाया

142 साल में चौथी बार काशी 45 डिग्री के पार:29 अप्रैल से एक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ,नगर निगम ने सड़क पर लगाई ‘ग्रीन शेड’ की छाया

वाराणसी में प्रचंड गर्मी और लू से लोगों का बुरा हाल है। सूरज का तेवर लगातार तल्ख है। चार साल बाद तापमान एक बार फिर 45 डिग्री सेल्सियस हो गया है। यह सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक है। बीएचयू में मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार 142 साल में अप्रैल महीने में चौथी और बाबतपुर मौसम कार्यालय के आंकड़े के मुताबिक छठी बार पारा 45 डिग्री पहुंचा है। विशेषज्ञों की मानें तो आज लू और प्रचंड गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। इसके मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उम्मीद है कि सोमवार से थोड़ी राहत मिले। अनुमान है कि 29 अप्रैल को बादल दस्तक देंगे जिससे अगले तीन दिन में बूंदाबादी की संभावना है। देखें तस्वीर… झ 142 साल में चौथी बार पारा 45 डिग्री पर मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार बनारस में अप्रैल महीने में चौथी बार अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। बीएचयू के मौसम विभाग के आंकड़े में 1884 से अब तक अप्रैल महीने में सबसे अधिकतम तापमान 30 अप्रैल, 2019 में 45.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इससे पहले 19 अप्रैल, 2010 को 45.2, 30 अप्रैल, 2022 को 45 और 25 अप्रैल, 2026 को 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। शहर के चौराहों और घाटों को मिलेगी ‘ग्रीन शेड’ की छाया अप्रैल के महीने में ही सूरज की तपिश और लू (हीट वेव) के बढ़ते असर ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। राहगीरों और वाहन चालकों को चिलचिलाती धूप से बचाने के लिए नगर निगम ने एक अनूठी पहल की है। शहर के प्रमुख चौराहों और गंगा घाटों पर अब ‘हरा पर्दा’ (ग्रीन शेड) लगाया जा रहा है, जिससे तीखी धूप सीधे राहगीरों तक न पहुंच सके। 17 स्थानों पर वाटर कूलर और 22 पर प्याऊ नगर निगम की ओर से शहर के अलग-अलग इलाकों में 17 स्थानों पर आधुनिक वाटर कूलर और 22 स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है, जिससे भीषण गर्मी में राहगीरों को ठंडा पानी आसानी से मिल सके। प्रशासन की इस पहल से आम लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *