शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया में प्रशासन ने शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुकानदारों को नोटिस दिए। तहसीलदार के निर्देश पर ग्राम पंचायत ने आगर-सारंगपुर मार्ग और नलखेड़ा रोड पर दुकानों के सामने बने अवैध टीनशेडों को हटाने के लिए 7 दिन की समय सीमा तय की है। टीनशेड के कारण बाधित हो रहा आवागमन ग्राम पंचायत सचिव अर्जुन सिंह चौहान और पंचायत अमले ने मुख्य मार्गों का निरीक्षण कर अवैध टीनशेडों को चिन्हित किया। इन निर्माणों के कारण सड़कों पर अतिक्रमण बढ़ गया था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सात दिनों में हटाना होगा अतिक्रमण दुकानदारों को जारी किए गए नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि सूचना मिलने के 7 दिनों के भीतर उन्हें अपना अवैध निर्माण स्वयं हटाना होगा। निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों ने मौके पर दुकानदारों को चेतावनी दी है। अतिक्रमण न हटाने पर पंचायत करेगी वसूली प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो ग्राम पंचायत स्वयं टीनशेड ध्वस्त करेगी। इस कार्रवाई में होने वाला समस्त खर्च संबंधित दुकानदार से वसूला जाएगा और उनपर वैधानिक प्रकरण भी दर्ज किया जाएगा।


