हरियाणा के नारनौल में आयुष्मान भारत योजना में संभावित गड़बड़ियों को लेकर मुख्यमंत्री उड़न दस्ता ने शुक्रवार को संयुक्त टीम बनाकर औचक निरीक्षण कर अस्पतालों की जांच की। टीम ने शहर के दो बड़े अस्पतालों में छापामारी कर दस्तावेजों को जांचा। गुप्त सूचना के आधार पर आज उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में सीएम फ्लाइंग, गुप्तचर विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के आयुष्मान व ECHS योजना के तहत इलाज कर रहे अस्पतालों का निरीक्षण किया। सबसे पहले टीम सिंघाना रोड स्थित रेनबो अस्पताल पहुंची, जहां आयुष्मान योजना के 11, ECHS के 16 और TPA के 3 मरीज दाखिल मिले। एक साल का रिकार्ड खंगाला निरीक्षण के दौरान टीम में शामिल डॉक्टर ने सभी मरीजों की मौके पर जांच की और उनसे यह भी पूछा कि आयुष्मान कार्ड के बावजूद उनसे कोई अतिरिक्त शुल्क तो नहीं लिया जा रहा। इसके अलावा टीम ने अस्पताल का करीब एक साल का रिकॉर्ड भी खंगाला। दस्तावेजों की जांच की इसके बाद टीम गेटवेल अस्पताल पहुंची, जहां आयुष्मान के 2, ECHS के 5 और TPA के 2 मरीज भर्ती मिले। यहां भी मरीजों से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच की गई। निरीक्षण के बाद टीम आवश्यक रिकॉर्ड अपने साथ ले गई है, जिसकी आगे जांच कर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि योजना में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।


