कुरुक्षेत्र जिले के अरुणाय गांव स्थित श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर में आज होने वाले सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 1000 वर्ष की अखंड आस्था कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस प्रदेश स्तरीय आयोजन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के प्रभास पाटन स्थित सोमनाथ मंदिर से देशभर को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को भव्य रूप से सजाया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह 101 महिलाओं की कलश यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मुख्यमंत्री करेंगे पूजा महिलाएं सिर पर कलश लेकर पारंपरिक तरीके से मंदिर तक पहुंचेंगी। इसके बाद मुख्यमंत्री मंदिर के गर्भगृह में विधिपूर्वक पूजा-अर्चना करेंगे। इस आयोजन में 48 कोस के तीर्थों से जुड़े संत-महात्मा भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान उनका सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए जिले के और भी शिवालयों को विशेष रूप से सजाया गया है। सोमनाथ मंदिर से जुड़ेंगे तीर्थ स्थल गुजरात के सोमनाथ मंदिर से कुरुक्षेत्र जिले के मंदिरों और तीर्थ स्थलों को सीधे जोड़ा जाएगा। इसके जरिए धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है। मंदिर में भव्य प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें भारत की सांस्कृतिक विरासत, सनातन परंपराओं और सोमनाथ मंदिर के इतिहास को प्रदर्शित किया जाएगा। मजबूती से खड़ा सोमनाथ मंदिर सोमनाथ मंदिर भारत की अटूट आस्था और संघर्ष की मिसाल है। इतिहास में कई बार हमलों और विनाश के बावजूद यह मंदिर आज भी मजबूती से खड़ा है। आधुनिक सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का मार्ग करीब 75 साल पहले प्रशस्त हुआ था। अब पुनर्निर्मित मंदिर के लोकार्पण की 75वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है।


