तिलक नगर में शनिवार शाम गोलीकांड की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने अमित जादौन पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी अमित उर्फ बकरी राजावत और उसके साथी उत्तम की तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन दोनों फरार हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी अमित उर्फ बकरी राजावत निवासी तपेश्वरी बाग और उत्तम निवासी एरोड्रम ने अमित जादौन को गोली मारी थी। घटना के बाद तिलक नगर पुलिस ने एरोड्रम और खजराना क्षेत्र में देर रात तक दबिश दी, लेकिन आरोपी घर पर नहीं मिले। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि दोनों घर नहीं आए हैं। पुलिस को आरोपियों की लोकेशन शहर से बाहर मिलने की जानकारी मिली है। वर्चस्व को लेकर हुआ विवाद प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अमित जादौन और उसके परिचित भाऊ गैंग से जुड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि विवाद गैंग के वर्चस्व को लेकर हुआ। शनिवार को अमित जादौन अपने साथ कई युवकों को लेकर मौके पर पहुंचा था, जबकि दूसरी ओर आरोपी पहले से योजना बनाकर हमला करने आए थे। हालांकि पुलिस फिलहाल मामले को गाड़ी लगाने के विवाद से जोड़कर जांच कर रही है। फायरिंग के बाद अमित जादौन के साथियों ने आरोपी बकरी राजावत और उसके साथियों की जमकर पिटाई भी की। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। दोनों पक्षों का आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस के अनुसार घायल अमित जादौन पर भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी बकरी उर्फ अमित राजावत पर करीब दो दर्जन अपराध दर्ज बताए जा रहे हैं। कुछ दिन पहले ही वह जेल से बाहर आया था। पुलिस के मुताबिक वह आकाश बकरी गैंग से जुड़ा हुआ है, जबकि उसका साथी उत्तम भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। फायरिंग में इस्तेमाल अवैध पिस्टल आरोपियों तक कैसे पहुंची, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। वहीं दूसरी ओर भाऊ गैंग से जुड़े लोग भी पुलिस से पहले बकरी राजावत और उसके साथी को तलाशने में जुटे हैं। पुलिस को मामले में गैंगवार की आशंका है।


