बरेली। भीषण गर्मी और बढ़ती यात्रियों की भीड़ के बीच रेल प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। मुंबई से बरेली होते हुए गोरखपुर तक चलने वाली विशेष ट्रेन आज से पटरी पर दौड़ेगी। इस ट्रेन के संचालन से रोज़ाना यात्रा करने वाले हजारों मजदूर, नौकरीपेशा और छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा।
आज से शुरू हुआ संचालन, मुंबई से रात में होगी रवाना
रेल प्रशासन के मुताबिक (09157) बांद्रा टर्मिनस–गोरखपुर एकल यात्रा अनारक्षित विशेष ट्रेन का संचालन 26 अप्रैल से शुरू कर दिया गया है। यह ट्रेन Bandra Terminus से रात 00:30 बजे रवाना होगी और बोरीवली होते हुए अगले दिन उत्तर प्रदेश के रूट पर पहुंचेगी। यह विशेष ट्रेन Bareilly सिटी स्टेशन पर 02:30 बजे पहुंचेगी, इसके बाद इज्जतनगर (03:05 बजे), पीलीभीत (04:25 बजे) होते हुए मैलानी के रास्ते गोरखपुर तक जाएगी। इससे बरेली, पीलीभीत और आसपास के जिलों के यात्रियों को मुंबई के लिए सीधा और सस्ता विकल्प मिलेगा।
19 कोच की ट्रेन, अनारक्षित यात्रा से आम लोगों को राहत
इस स्पेशल ट्रेन में शयनयान श्रेणी के 15 कोच, साधारण द्वितीय श्रेणी के 2 कोच और 2 एसएलआरडी कोच लगाए गए हैं। खास बात यह है कि यह ट्रेन अनारक्षित है, जिससे तत्काल टिकट न मिलने की समस्या से जूझ रहे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
मजदूर, छात्र और व्यापारी वर्ग को बड़ा फायदा
गर्मी के सीजन में मुंबई से बरेली और पूर्वांचल की ओर लौटने वाले प्रवासी मजदूरों की संख्या बढ़ जाती है। इस ट्रेन के चलने से हजारों लोगों को भीड़भाड़ से राहत मिलेगी, साथ ही छोटे व्यापारियों और छात्रों को भी कम खर्च में यात्रा का बेहतर विकल्प मिलेगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि गर्मियों में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह विशेष ट्रेन चलाई गई है। इससे नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा और यात्रियों को आरामदायक सफर मिल सकेगा।


