फाजिल्का पुलिस ने पीएचजी जवान से हथियार छीनने के मामले में एक मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से छीना गया सरकारी हथियार एसएलआर 7.62 एमएम भी बरामद कर लिया गया है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले फिरोजपुर जिले के मक्खू क्षेत्र स्थित पुराने हरिके हेड पुल पर संतरी ड्यूटी निभा रहे एक पीएचजी जवान पर अज्ञात हमलावरों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया था। हमलावर जवान से उसका सरकारी हथियार छीनकर मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच टीमें गठित की थीं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लाधूका क्षेत्र के पास एक ड्रेन के नजदीक एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार सहित घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध ने खुद को घिरा देख पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल अवस्था में आरोपी को काबू कर लिया। उसकी पहचान शमशेर सिंह निवासी मक्खू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पीएचजी जवान से छीना गया सरकारी हथियार एसएलआर 7.62 एमएम बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।


