शाजापुर पुलिस ने आगामी सिंहस्थ-2028 और अन्य बड़े आयोजनों के लिए ‘यातायात मित्र फोर्स’ का गठन किया है। इस पहल के तहत, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से 25 युवाओं को शनिवार को प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया गया है। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देश पर यातायात पुलिस शाजापुर द्वारा यह फोर्स तैयार की जा रही है। शनिवार को यातायात थाना शाजापुर में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में इन युवाओं को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, संकेतक चिन्हों की जानकारी, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति में सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित किया गया। इस यातायात मित्र फोर्स में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के जागरूक और सेवाभावी युवाओं को शामिल किया जा रहा है। अब तक 25 युवाओं ने पंजीकरण कराया है, जिन्हें भविष्य में विभिन्न आयोजनों के दौरान यातायात पुलिस के साथ मिलकर काम करने का अवसर मिलेगा। यातायात थाना प्रभारी सौरव शुक्ला ने बताया कि उज्जैन और शाजापुर में होने वाले बड़े आयोजनों के दौरान भीड़ और यातायात दबाव को नियंत्रित करने में यह फोर्स महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पुलिस विभाग ने जिले के सभी महाविद्यालयों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जुड़ने की अपील की है। यह पहल सड़क सुरक्षा और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


