अमरोहा के जिलाधिकारी नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने आगामी 8, 9 और 10 जून को होने वाली परीक्षाओं के लिए बनाए गए केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ए.के.के. इंटर कॉलेज और भगवत सरन इंटर कॉलेज में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा की सुरक्षा, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ नकलविहीन संपन्न कराया जाए।
डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निगरानी व्यवस्था को लगातार सक्रिय रखने और हर गतिविधि पर सतर्क निगाह बनाए रखने के निर्देश दिए। नकलविहीन और शुचितापूर्ण परीक्षा आयोजित कराने के संबंध में उन्होंने कहा कि भर्ती बोर्ड द्वारा जारी सभी निर्देशों का कड़ाई से शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और बेहतर प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत बैकअप के लिए जनरेटर की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारी को परीक्षा केंद्रों के आसपास भी साफ-सफाई कराने को कहा गया।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा जनपद में कुल 10 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसमें कुल 28,224 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रत्येक पाली में 4,704 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो सत्रों में होगी: प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक चलेगी।


