सिंगरौली पुलिस को मिले 198 नए आरक्षक:एसपी ने 28 को सौंपे नियुक्ति पत्र, प्रक्रिया जारी

सिंगरौली पुलिस को मिले 198 नए आरक्षक:एसपी ने 28 को सौंपे नियुक्ति पत्र, प्रक्रिया जारी

मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में भर्ती प्रक्रिया के तहत सिंगरौली जिले को 198 नए आरक्षक मिले हैं। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शियाज़ के.एम. ने 28 नव-नियुक्त आरक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। वर्ष 2025 की आरक्षक भर्ती परीक्षा के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण और चरित्र सत्यापन किया जा रहा है। विभागीय प्रक्रिया के तहत अब तक कुल 50 नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं। इनमें से 28 आरक्षकों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपने नियुक्ति पत्र प्राप्त किए। शेष चयनित अभ्यर्थियों को औपचारिकताएं पूरी होने के बाद चरणबद्ध तरीके से नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शियाज़ के.एम. ने नव आरक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल रोजगार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जनता की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और समाज सेवा का एक महत्वपूर्ण दायित्व है। एसपी ने सभी नव आरक्षकों से ईमानदारी, अनुशासन और पूर्ण निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपेक्षा की। एसपी ने यह भी बताया कि जिन अभ्यर्थियों के चरित्र सत्यापन और अन्य आवश्यक प्रतिवेदन लंबित हैं, उनके दस्तावेज प्राप्त होते ही नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे। विभाग का लक्ष्य सभी 198 चयनित आरक्षकों को शीघ्र पदस्थापना प्रदान करना है। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, सउनि (एम) श्रीनाथ पाण्डेय सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। सिंगरौली पुलिस परिवार में शामिल हुए सभी नव आरक्षकों का स्वागत किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य तथा सफल पुलिस सेवा के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *