जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अचानक बिजली गुल हो गई। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर अंधेरे में डूब गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बिजली जाते ही कई वार्ड और गलियारे प्रभावित हुए। गर्मी बढ़ने से मरीज परेशान हो गए और जनरल वार्ड में भर्ती कुछ मरीज बाहर निकल आए। अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों ने भी व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। बताया जा रहा है कि करीब 15 से 20 मिनट बाद बिजली व्यवस्था सामान्य हो सकी। मरीजों को हुई घबराहट अस्पताल में सैकड़ों मरीज भर्ती हैं, जिनमें कई गंभीर मरीज भी शामिल हैं। बिजली गुल होने के बाद परिजनों को सबसे ज्यादा चिंता उन मरीजों की रही जिनका इलाज विभिन्न चिकित्सा उपकरणों की मदद से किया जा रहा है। अचानक अंधेरा होने से कुछ देर के लिए लोगों में घबराहट का माहौल बन गया। बिजली विभाग ने मांगी जानकारी मध्य प्रदेश विद्युत मंडल (एमपीईबी) के अधीक्षण यंत्री (एसई) संजय अरोरा ने कहा कि घटना की जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में बैकअप के लिए बड़े जनरेटर उपलब्ध हैं, ऐसे में उन्हें क्यों नहीं चलाया गया, इसकी जानकारी फिलहाल उनके पास नहीं है। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने कहा- जनरेटर चालू हुए मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना ने बताया कि रात में पूरे शहर में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। मेडिकल कॉलेज में बैकअप के लिए सात जनरेटर लगाए गए हैं और उनमें पर्याप्त डीजल उपलब्ध था। उन्होंने कहा कि बिजली जाते ही जनरेटर स्वतः चालू हो गए थे। उनके अनुसार किसी भी मरीज को परेशानी नहीं हुई और न ही कोई मरीज वार्ड से बाहर आया।


