Sikar Fire: गैस एजेंसी गोदाम में लगी आग, कर्मचारी जिंदा जला

Sikar Fire: गैस एजेंसी गोदाम में लगी आग, कर्मचारी जिंदा जला

सीकर। जिले के मूंडरू क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां अरनिया सड़क मार्ग स्थित कुलवाल भारत गैस एजेंसी के गोदाम में आग लगने से एक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया। बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक कर्मचारी की पहचान बाबूलाल यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह बाबूलाल यादव एजेंसी संचालक चिंकी कुलवाल के घर से एजेंसी और गोदाम की चाबी लेकर करीब सुबह 8:15 बजे गैस गोदाम पहुंचे थे। कुछ समय बाद एजेंसी संचालक चिंकी कुलवाल केवाईसी संबंधी कार्य के लिए एजेंसी पहुंचीं। इसी दौरान उन्होंने गोदाम की तरफ धुआं उठता देखा।

यहां देखें वीडियो :

गेट खोलने पर अंदर जल रहा था कर्मचारी

धुआं देखकर उन्होंने गोदाम का गेट खोलने का प्रयास किया, लेकिन गेट नहीं खुल सका। इसके बाद बाबूलाल यादव के परिजनों को सूचना दी गई। बाबूलाल के पुत्र मौके पर पहुंचे और किसी तरह गोदाम का गेट खोला। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। बाबूलाल गंभीर रूप से आग की चपेट में थे। उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उनका शरीर बुरी तरह झुलस चुका था।

sikar Fire
मौके पर जांच करती पुलिस (फोटो-पत्रिका)

गैस एजेंसी संचालक पर आरोप

घटना की सूचना पर श्रीमाधोपुर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले के बाद मृतक के परिजनों ने गैस एजेंसी संचालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए जलाकर मारने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

गोदाम में भरे सिलेंडर नहीं थे

राहत की बात यह रही कि घटना के समय गोदाम में भरे हुए गैस सिलेंडर मौजूद नहीं थे। यदि सिलेंडर भरे होते तो बड़ा विस्फोट और भारी जनहानि हो सकती थी। पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की गहन जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। इस बीच मृतक का बेटा विलखता रहा और न्याय की गुहार लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *