मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। सिंधिया ने जेब से निकाला ‘जादुई प्याज’ शिवपुरी में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भीषण गर्मी से बचने का देशी नुस्खा बताया। मंच से बोलते-बोलते उन्होंने अपनी जेब से प्याज निकाला और सभी को दिखाते हुए कहा- कितनी भी गर्मी हो, जेब में प्याज रखो और निकल जाओ, कुछ नहीं होगा। सिंधिया ने कहा- मेरा जितना पसीना टपकता है, उतना ही ज्यादा मजा आता है। न मेरी गाड़ी में एसी चलता है और न ही मैं एसी में बैठता हूं। जब लोग मुझसे पूछते हैं कि मई-जून में 51 डिग्री की गर्मी में कैसे रहते हो तो मैं कहता हूं- ये चंबल की चमड़ी है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा- मैं थोड़ा जवान दिखता हूं, लेकिन मेरी आत्मा काफी बूढ़ी है। इसके बाद जेब से प्याज निकालते हुए बोले- पॉकेट में प्याज रखो, तुम्हें कुछ नहीं होगा। उन्होंने कहा- आधुनिक युग में सभी डिब्बे (मोबाइल) लेकर घूम रहे हैं, लेकिन संचार मंत्री प्याज लेकर घूम रहा है। सिंधिया ने पारंपरिक उपायों की वकालत करते हुए कहा- जैसे आयुर्वेद आगे बढ़ रहा है, वैसे ही हमें पुरानी चीजों को नहीं भूलना चाहिए। जून में तापमान 51 डिग्री तक पहुंच जाए, तब भी सिर पर गमछा बांधो और जेब में प्याज रखो। उनकी बातें सुनकर मंच के नीचे मौजूद एक व्यक्ति ने अपनी जेब में रखा प्याज दिखाया। इस पर सिंधिया ने हंसते हुए कहा- देखो, दादा की जेब में भी प्याज रखा है। उन्होंने आगे कहा- सिंधिया परिवार हमेशा जनता और जमीन से जुड़ा रहा है। यही हमारा रिश्ता है। आपका प्यार और आशीर्वाद बना रहे। आपकी सेवा के लिए यह योद्धा आखिरी सांस तक तत्पर रहेगा। अब लोग कह रहे हैं कि सिंधिया ने एक तीर से दो निशाने साध दिए। गर्मी से बचने का देशी उपाय भी बता दिया और खुद को जनता व जमीन से जुड़ा नेता भी साबित कर दिया। भाजपा विधायक ने फिर दिखाया ‘मुक्का’ भाजपा विधायक प्रीतम लोधी एक बार फिर अपने चर्चित ‘मुक्के’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने विधानसभा परिसर में अपना मुक्का दिखाया। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहनों ने उनका हाथ मजबूत किया है, इसलिए यह हाथ महिला सशक्तीकरण के साथ है और मोहन सरकार के समर्थन में भी खड़ा है। विधायक ने पहले अपना हाथ दिखाते हुए कहा- ये पंजा है। फिर मुट्ठी बांधते हुए बोले- अब ये मुक्का हो गया है। मीडिया ने जब उनके मुक्के का वजन पूछा तो उन्होंने तुरंत जवाब दिया- ढाई सौ किलो का। और जब पूछा गया कि यह किस पर पड़ेगा तो उन्होंने कहा- कांग्रेस पर। दरअसल, हाल ही में प्रीतम लोधी के बेटे ने अपनी थार कार से कुछ लोगों को टक्कर मार दी थी। इस मामले में पुलिस ने सख्ती दिखाई तो विधायक ने एक आईपीएस अधिकारी को खुली धमकी दी थी। उस दौरान एक वीडियो में उन्होंने अपना मुक्का दिखाते हुए कहा था- ये पहले ढाई किलो का था, अब ढाई सौ किलो का हो गया है। लगातार बयानबाजी के बाद भाजपा संगठन ने विधायक को तलब किया था और उन्हें शब्दों की मर्यादा में रहने की नसीहत दी थी। इसके बाद लोधी ने अपने बयान पर खेद जताया और भविष्य में संयमित भाषा का इस्तेमाल करने की बात कही थी। अब लोग चुटकी लेते हुए कह रहे हैं कि भाजपा ने कुछ समय के लिए विधायक के ‘मुक्के’ का वजन हलका जरूर कर दिया था, लेकिन लगता है कि वह फिर से तेजी से ढाई सौ किलो का हो गया है। भाजपा के बैनर में ‘नारी शक्ति’ ही आउट भाजपा इन दिनों जोर-शोर से ‘नारी शक्ति वंदन’ की बात कर रही है। लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े बिल के गिरने पर वह कांग्रेस को घेर रही है। इसी बीच एक दिलचस्प वाकया सामने आया, जब भाजपा के मंच पर ही ‘नारी शक्ति’ आउट ऑफ फ्रेम हो गईं। मामला शिवपुरी का है, जहां केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यक्रम के लिए एक बड़ा बैनर लगाया गया था। इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और अन्य मंत्री-विधायकों के फोटो तो लगाए गए, लेकिन शिवपुरी की नगर पालिका अध्यक्ष और शहर की प्रथम नागरिक गायत्री शर्मा की तस्वीर ही गायब थी। जब आयोजकों का ध्यान इस ओर गया तो आनन-फानन में बैनर की खाली जगह पर गायत्री शर्मा का फोटो चिपका दिया गया। आयोजकों ने यह भूल केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले ही सुधार ली। अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है, जिस पर लोग जमकर चटकारे ले रहे हैं और भाजपा पर तंज कस रहे हैं। ‘नारी शक्ति वंदन’ के बीच ‘नारी शक्ति’ को ही बैनर से बाहर रखना चर्चा का विषय बन गया है। जब भाजपा विधायक की जुबान फिसल गई विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा विधायक प्रियंका मीणा की जुबान फिसल गई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेने में गलती कर दी। उन्होंने प्रधानमंत्री को ‘नरेंद्र सिंह मोदी’ कह दिया। हालांकि, विधायक ने तुरंत अपनी गलती सुधार ली और फिर ‘नरेंद्र मोदी’ कहा। विधायक महिला आरक्षण के मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दे रही थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का जो निर्णय लिया है, वह बेहद अद्भुत है। यह फैसला महिलाओं को और अधिक मजबूत व सशक्त बनाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि समझ नहीं आता कि विपक्ष इस मुद्दे पर अड़ंगा क्यों लगा रहा है। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), कपिल मिश्रा (शिवपुरी) ये भी पढ़ें –
कलेक्टर की ‘सिंधिया भक्ति’, मंच से कहा- ‘महाराज साहब’: गांव के आंगन में कलेक्टर की सुकून भरी नींद शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को ‘महाराज साहब’ कहकर संबोधित किया। ये बात सिंधिया के किसी समर्थक या कार्यकर्ता ने कही होती, तो इतनी चर्चा नहीं होती। लेकिन जिले के प्रशासनिक मुखिया ने मंच से ऐसा कहा, तो लोगों का ध्यान इस ओर गया। पूरी खबर पढ़ें


