RCB की जीत पर बधाई, पर IPL Final अहमदाबाद में होने पर Shivakumar ने लगाया बड़ा आरोप

RCB की जीत पर बधाई, पर IPL Final अहमदाबाद में होने पर Shivakumar ने लगाया बड़ा आरोप
बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनने जा रहे डी के शिवकुमार ने आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को लगातार दूसरी आईपीएल जीत पर सोमवार को बधाई दी, लेकिन साथ ही टूर्नामेंट का अंतिम मुकाबला अहमदाबाद में कराने के फैसले की आलोचना करते हुए इसे राज्य के युवाओं के साथ ‘‘अन्याय’’ करार दिया। शिवकुमार ने दावा किया कि बेंगलुरु को फाइनल मैच की मेजबानी के अवसर से वंचित कर दिया गया।

लगातार दूसरी बार जीती आरसीबी

दमदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को आरसीबी ने लगातार दूसरा आईपीएल खिताब जीता। विराट कोहली की अगुआई में टीम ने अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में ‘गुजरात टाइटन्स’ को पांच विकेट से हराया। परंपरा के अनुसार, मौजूदा चैंपियन होने के नाते आरसीबी के पास खिताब था, इसलिए बेंगलुरु को मूल रूप से मेजबान शहर के तौर पर चुना गया था। परंपरा के अनुसार, ‘डिफेंडिंग चैंपियन’ होने के नाते बेंगलुरु को ही मूल रूप से फाइनल की मेजबानी सौंपी गई थी। हालांकि, भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा कि स्थानीय संघ और प्रशासन की कुछ मांगें उसके स्थापित दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थीं, इसलिए मेजबानी बदली गई।
 

इसे भी पढ़ें: PM SVANidhi ने जोड़े 55 लाख Digital Street Vendors, 6 साल में बदली 75 लाख से ज्यादा लोगों की जिंदगी

बेंगलुरु में फाइनल नहीं होने पर भड़के शिवकुमार

शिवकुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अंतिम मुकाबला कर्नाटक (बेंगलुरु) में होना चाहिए था, हमने इसकी अनुमति दी थी। लेकिन गुजरात ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर इसे छीन लिया। हम यह सुनिश्चित करने के लिए जरूरी तैयारी कर रहे हैं कि भविष्य में ऐसा न हो। इसमें थोड़ा समय लगेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे स्टेडियम और युवाओं के साथ अन्याय हुआ होगा, लेकिन यहां की आरसीबी टीम ने शानदार खेल दिखाया। मैं उन्हें बधाई देता हूं। कर्नाटक राज्य और यहां के सभी आरसीबी प्रशंसकों की ओर से मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कर्नाटक का नाम रोशन किया है।’’
एक सवाल के जवाब में शिवकुमार ने कहा, ‘‘बेंगलुरु और कर्नाटक के युवाओं के साथ अन्याय हुआ है, क्योंकि फाइनल यहां खेला जाना था। इसे अहमदाबाद ले जाया गया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक चैंपियन हमेशा चैंपियन होता है… पिछली बार जो हुआ, उसे हम सबने भुला दिया है और नयी शुरुआत की ओर बढ़े हैं। सफलता की कहानी यहां है, सभी ने बहुत अच्छा खेला। मैं आरसीबी टीम को बधाई देता हूं।’’
 

इसे भी पढ़ें: CBSE OSM Scam: सिस्टम में सेंध का आरोप, Jairam Ramesh ने Dharmendra Pradhan के इस्तीफे की मांग दोहराई

इससे पहले आईपीएल अध्यक्ष अरुण धूमल ने कहा था कि अपेक्षाकृत कम क्षमता वाले बेंगलुरु के मैदान पर राज्य सरकार की ओर से मुफ्त टिकटों की अत्यधिक मांग के कारण वहां फाइनल कराना ‘‘असंभव’’ हो गया था। हालांकि, निवर्तमान राज्य के गृहमंत्री जी. परमेश्वर ने कहा था कि उनकी जानकारी के अनुसार बीसीसीआई ने व्यावसायिक व्यवहार्यता को देखते हुए फाइनल बेंगलुरु से अहमदाबाद स्थानांतरित किया होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधायकों को टिकट देने का फाइनल स्थल बदलने से कोई संबंध नहीं है।
मार्च में राज्य के उपमुख्यमंत्री के रूप में शिवकुमार ने घोषणा की थी कि प्रत्येक विधायक को आईपीएल मैचों के लिए तीन-तीन नि:शुल्क टिकट दिए जाएंगे। वहीं, अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए दो मानार्थ टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर वे दो अतिरिक्त टिकट खरीद भी सकेंगे। यह फैसला शहर के चिन्नास्वामी स्टेडियम का प्रबंधन करने वाले कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा के बाद लिया गया था। पिछले वर्ष जून में आरसीबी के पहले आईपीएल खिताब के बाद जल्दबाजी में आयोजित विजय समारोह में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 प्रशंसकों की जान चली गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *