‘मिस्टर जी…’ को भेजी आखिरी सेल्फी और मैसेज, बोली- ‘ मेरी शादी तुड़वा दी’

‘मिस्टर जी…’ को भेजी आखिरी सेल्फी और मैसेज, बोली- ‘ मेरी शादी तुड़वा दी’

Crime news: शहर की अर्जुन कॉलोनी में दोपहर बाद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 24 वर्षीय युवती ने प्रेम संबंध में धोखा मिलने से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है। मृतका शारदा पिता जोगडिय़ा शेरवाल घर के कमरे में अकेली थी, जबकि उसकी भाभी बाहर काम कर रही थीं। घर में भाई के छोटे बच्चे भी मौजूद थे। इसी दौरान बच्चे के रोने की आवाज सुनकर भाभी कमरे में पहुंची तो शारदा फांसी के फंदे पर लटकी मिली।

परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने सुसाइड नोट, मोबाइल चैट और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। मामले में युवक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

चार साल से था प्रेम संबंध

परिजनों के अनुसार युवती पाटीदार चौराहा स्थित एक निजी क्लीनिक में काम करती थी, जहां महेश प्रजापत नाम का युवक भी कार्यरत था। दोनों के बीच करीब चार साल से प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि युवती के परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। यह बात उसने महेश को बताई थी। आरोप है कि महेश ने शादी का भरोसा दिलाते हुए युवती से कहा कि वह परिवार को मना कर दे और दो-तीन साल बाद वह उससे शादी करेगा। बाद में युवक अपने वादे से मुकर गया, जिससे युवती गहरे तनाव में आ गई।

फांसी लगाने से पहले भेजी सेल्फी

घटना से पहले युवती ने गले में फंदा डालकर अपनी एक सेल्फी ली और प्रेमी को भेज दी। इसके साथ उसने एक भावुक संदेश भी लिखा, जिसमें अपने दर्द और टूटे भरोसे का जिक्र किया। युवती ने अपने मोबाइल में युवक का नंबर मिस्टर जी नाम से सेव कर रखा था। परिजनों को मोबाइल में दोनों के बीच हुई कई चैट भी मिली हैं, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस को मौके से दो पेज का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें युवती ने अपनी पीड़ा व्यक्त की है।

जांच कर रहे हैं….

अर्जुन कॉलोनी में युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया गया है। सुसाइड नोट, मोबाइल चैटिंग सहित अन्य साक्ष्य संकलित किए गए हैं। इनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। – दीपक सिंह चौहान, थाना प्रभारी कोतवाली धार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *