कौशांबी में भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने देर रात दारानगर स्थित विद्युत उपकेंद्र का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए 18 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग की। जनपद में इन दिनों पारा 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। स्थानीय पावर हाउस द्वारा लोकल फॉल्ट के नाम पर की जा रही अघोषित कटौती से नगर पंचायत दारानगर के लोग कई दिनों से परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे इस अघोषित कटौती को लेकर कई बार पावर हाउस में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के एसडीओ और जेई पर फोन न उठाने का भी आरोप लगाया। घेराव कर रहे ग्रामीणों ने कस्बा क्षेत्र में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति की मांग की। प्रभाकर शुक्ला, महताब, नियाज, रामचंद्र, अनमोल, सितलु, शिव कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि भीषण गर्मी में रात को हो रही बिजली कटौती तत्काल रोकी जाए, अन्यथा वे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने अधिकारियों से यह भी कहा कि जो भी फॉल्ट आदि ठीक करना हो, वह दिन में किया जाए और रात को लोकल फॉल्ट के नाम पर पूरी रात की बिजली कटौती बंद की जाए। इस दौरान ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर को लेकर ऊर्जा मंत्री के खिलाफ भी नारेबाजी की।


