पीलीभीत में पिता-पुत्र के झगड़े में पिता की मौत:पड़ोसी ने हस्तक्षेप के बाद लाठी से हमला, किसान की जान गई

पीलीभीत में पिता-पुत्र के झगड़े में पिता की मौत:पड़ोसी ने हस्तक्षेप के बाद लाठी से हमला, किसान की जान गई

पीलीभीत जिले के दियोरिया कलां कोतवाली क्षेत्र के मनकापुर गांव में एक मामूली घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 50 वर्षीय किसान सर्वेश कुमार की मौत हो गई। रविवार देर शाम पिता-पुत्र के बीच हो रहे झगड़े में एक पड़ोसी के हस्तक्षेप के बाद यह घटना हुई। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम सर्वेश कुमार का अपने बेटे शिवम के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। घर के भीतर चल रही बहस का शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति वहां पहुंचा। आरोप है कि पड़ोसी को यह गलतफहमी हो गई कि पिता-पुत्र के झगड़े की आड़ में उसे अपशब्द कहे जा रहे हैं। परिजनों ने स्थिति को संभालने और पड़ोसी को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर सर्वेश पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी ने सर्वेश के सिर पर लाठी से जोरदार प्रहार किया। लाठी के प्रहार से सर्वेश लहूलुहान होकर मौके पर ही बेसुध हो गए। हमलावर घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। आनन-फानन में सर्वेश को सीएचसी बीसलपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सर्वेश की मृत्यु की खबर मिलते ही उनकी पत्नी सावित्री देवी और बच्चों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर परिजनों की चीख-पुकार से गूंज उठा। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसओ गौतम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक सूचना पिता-पुत्र के झगड़े की मिली थी, लेकिन परिजनों ने पड़ोसी पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस फिलहाल आसपास के चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है और घटना की सत्यता की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार हमलावरों की तलाश जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *