अयोध्या पहुंचे SC,ST के आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत:बोले– गाजियाबाद की घटना निंदनीय अपराधियों को मिला सख्त संदेश

अयोध्या पहुंचे SC,ST के आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत:बोले– गाजियाबाद की घटना निंदनीय अपराधियों को मिला सख्त संदेश

उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत रविवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने आयोग में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की और सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर मामलों की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने गाजियाबाद में बकरीद के दिन हिंदू युवक की हत्या की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। बैजनाथ रावत ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कठोर कदम उठाए हैं, जिससे अपराधियों को स्पष्ट संदेश मिला है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव भी ऐतिहासिक साबित होगा। उनके अनुसार देश में वैचारिक परिवर्तन का दौर चल रहा है और जनता अब जाति तथा पंथ की राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित के मुद्दों पर निर्णय ले रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राष्ट्रवादी विचारधारा को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। समाजवादी पार्टी के पीडीए नारे पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे नारे अब अप्रासंगिक हो चुके हैं। उनका कहना था कि भाजपा सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है तथा अनुसूचित जाति के लोगों की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *