झांसी में शादी के महज एक साल बाद ही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। रविवार को वह देवर-देवरानी के साथ अपने मायके आ रही थी। देवर बाइक की टंकी पर एक बड़ा बैग रखे हुए था। इसी वजह से बाइक अनियंत्रित होकर हाइवे किनारे बने फुटब्रिज की सढ़ियों में घुस गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि देवर और देवरानी घायल है। उनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस शव कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। हादसा नवाबाद थाना क्षेत्र के झांसी-कानपुर हाइवे पर कोछाभंवर गांव के पास हुआ है। मायके में धार्मिक कार्यक्रम था प्रेमनगर के नगरा निवासी आशा पत्नी रामकिशोर बाल्मीकि ने बताया- मैंने अपनी बेटी साक्षी (20) की शादी दिसंबर 2024 में गुरसराय के कटरा मोहल्ला निवासी पंकज बाल्मीकि से की थी। पंकज नगर पालिका में ठेका पर काम करता है। घर पर धार्मिक कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने के लिए बेटी साक्षी आज अपने देवर अनुराग और देवरानी रक्षा के साथ मायके आ रही थी। तीनों बाइक पर सवार थे। जब वे कोछाभांवर गांव के पास पहुंचे तो बाइक का एक्सीडेंट हो गया। पुलिस के अनुसार, देवर बाइक की टंकी पर एक बड़ा बैग रखकर बाइक ड्राइव कर रहा था। बैग की वजह से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक हाइवे किनारे बने फुटब्रिज की सीढ़ियों में जा घुसी। तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने साक्षी को मृत घोषित कर दिया। शव देखकर रोने-बिलखने लगे घरवाले मृतका के पिता रामकिशोर ने बताया- हम लोग बेटी के आने का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि एक्सीडेंट हो गया। तब हम लोग भागकर मेडिकल कॉलेज आए। यहां पर हमें अपनी बेटी साक्षी की लाश मिली। उसका देवर की हालत भी नाजुक है। जिसका इलाज चल रहा है। साक्षी का शव देखकर मां आशा रो रोकर बार-बार बेहोश हुए जा रही थी। पिता समेत अन्य परिजनों का भी रो रोकर बुरा हाल है। 4 भाई-बहनों में साक्षी दूसरे नंबर की थी। उसके पिता रामकिशोर नगर निगम में संविदाकर्मी हैं। ट्रैक्टर से खींचकर निकाली बाइक हादसे के बाद बाइक सीढ़ियों के नीचे बुरी तरह फंस गई। पुलिसकर्मियों ने लोगों की मदद से बाइक निकालने की कोशिश की, मगर बाइक इतनी बुरी तरह फसी थी कि 3 लोग मिलकर भी बाइक नहीं निकाल सके। तब ट्रैक्टर से खींचकर बाइक को निकाला गया। पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है। विश्वविद्यालय चौकी इंचार्ज निखिल कुमार ने बताया- पंचनामा भरकर साक्षी के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। जबकि दो घायलों का इलाज चल रहा है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।


