‘मन की बात’ के बाद BJP का मेगा बूथ मंथन:लखनऊ के 2505 बूथों पर चुनावी तैयारी का संदेश; उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक समेत कई मंत्री और पदाधिकारी बूथों पर पहुंचे

‘मन की बात’ के बाद BJP का मेगा बूथ मंथन:लखनऊ के 2505 बूथों पर चुनावी तैयारी का संदेश; उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक समेत कई मंत्री और पदाधिकारी बूथों पर पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 134वें संस्करण को भारतीय जनता पार्टी ने लखनऊ में संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया। महानगर के सभी 2505 बूथों पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ कार्यक्रम सुनने के बाद बूथ बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क और आगामी चुनावी रणनीति पर मंथन हुआ।

डिप्टी सीएम से लेकर संगठन के पदाधिकारियों रहे मौजूद

भाजपा ने इस कार्यक्रम के जरिए बूथ स्तर तक अपनी सक्रियता का प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह, प्रदेश महामंत्री संजय राय, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता अलग-अलग बूथों पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया।
कैंट विधानसभा के बूथ संख्या 311 पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक फैला संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और नियमित जनसंपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।

लखनऊ के सभी 2505 बूथों पर एक साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम का हुआ आयोजन

वहीं भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि लखनऊ के सभी 2505 बूथों पर एक साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम का आयोजन संगठन की मजबूती का प्रमाण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ समितियों को लगातार सक्रिय रखने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने और समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बढ़ाने का आह्वान किया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि बूथ ही भाजपा की वास्तविक ताकत है। बूथ समितियों को मजबूत करके ही संगठन को और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा कार्यों, जनसंपर्क अभियानों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, भाजपा ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के बहाने बूथ स्तर पर अपनी चुनावी मशीनरी को सक्रिय करने का प्रयास किया है। 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी का फोकस बूथ समितियों को मजबूत करने, नए मतदाताओं तक पहुंच बनाने और संगठन को जमीनी स्तर पर और प्रभावी बनाने पर है।
कार्यक्रम के दौरान सभी बूथों पर आगामी संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यता विस्तार अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। भाजपा नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दिया कि आने वाले समय में बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता और बढ़ाई जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *