धौलपुर में कला एवं संस्कृति को समर्पित संस्था संस्कार भारती ने विश्व पृथ्वी दिवस को ‘भू अलंकरण दिवस’ के रूप में मनाया। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं, शिक्षकों और कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर बालिकाओं ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर धरती माता का श्रृंगार किया। साथ ही पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए और वृक्षारोपण कर प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में भूमि छारी, मिष्टी सोनी, उर्वशी, अलीना, राशि, वेदिका, डॉली, इशिका, आंशी, वंदना, नेहा, गौरी, हेमलता, श्रेया, अनन्या, अनुष्का और हुसैनी सहित कई छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। राज्य पुरस्कृत शिक्षक भगवान सिंह मीणा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में भूमि को माता का दर्जा दिया गया है और उसे स्वच्छ व हरा-भरा रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने संस्कार भारती के इस प्रयास को सराहनीय बताया। संस्कार भारती के जिला महामंत्री मुकेश सूतैल ने जानकारी दी कि भारत में प्राचीन समय से ही त्योहारों व शुभ अवसरों पर धरती को सजाने की परंपरा रही है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और प्रकृति से जोड़ने वाला बताया। जिला उपाध्यक्ष बलवीर सिंह त्यागी ने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़ हमें ऑक्सीजन, छाया, फल, औषधियां और जीवन के लिए आवश्यक संसाधन प्रदान करते हैं, इसलिए उनकी देखभाल करना अत्यंत जरूरी है। इस दौरान जिला मंत्री संजीव झा, आशीष मोयल, कोषाध्यक्ष राहुल सिंघल, अनुपम पाराशर और अखिलेश मीणा ने भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने प्लास्टिक का त्याग करने और कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, स्कूल स्टाफ और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


