सांपला नपा चुनाव : कांग्रेस उम्मीदवार की आज होगी घोषणा:नामांकन पत्र दाखिल करने का कल अंतिम दिन, भाजपा उम्मीदवार आज मैदान में उतरेंगे

​रोहतक के ब्लॉक सांपला में नगर पालिका का चुनावी रण रोमांचक होता जा रहा है। कांग्रेस जिस उम्मीदवार से उम्मीद लगाए बैठी थी, वो अब भाजपा में शामिल होकर कांग्रेस उम्मीदवार को ही टक्कर देगा। उधर कांग्रेस ने काफी मंथन किया और प्रवीण कोच के सामने चुनावी मैदान में उतारने के लिए उम्मीदवार खोज लिया है, जिसकी आज घोषणा हो जाएगी। सांपला नगर पालिका की सीटी पिछली बार रिजर्व रखी गई थी, जिसमें कांग्रेस की उम्मीदवार पूजा इंदोरा ने बाजी मारी थी। हालांकि नपा चेयरमैन बनने के बाद पूजा इंदोरा भाजपा में शामिल हो गई थी। अब भाजपा ने कांग्रेस से ही मजबूत उम्मीदवार प्रवीण कोच टिकट देकर सबको हैरान कर दिया है। वहीं, कांग्रेस भी मजबूत उम्मीदवार के साथ मैदान में नजर आएगी। भाजपा की अंतर कलह बाहर आएगी नजर
सांपला में कांग्रेस से भाजपा में आए प्रवीण कोच को टिकट मिलने के बाद भाजपा की अंतर कलह बाहर देखने को मिलेगी। भाजपा कार्यकर्ता व मंत्री अरविंद शर्मा के नजदीकी अनिल शर्मा को टिकट न मिलने के बाद वह आजाद उम्मीदवार के तौर पर आज नामांकन दाखिल करेंगे। इससे भाजपा उम्मीदवार को नुकसान होगा। पूर्व चेयरमैन की टिकट कटी तो शुरू हुई नाराजगी
सांपला नगर पालिका बनने के बाद दूसरे प्लान में चेयरमैन रहे सुधीर ओहल्याण भी भाजपा की टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। उनका अपना वोट बैंक भी है। टिकट न मिलने के बाद उनके सुर भी बदले हुए है। हालांकि खुलकर अभी तक कुछ नहीं कहा, लेकिन भाजपा उम्मीदवार के लिए भीतरघात का खतरा बने हुए है। कांग्रेस उम्मीदवार को लेकर टिकी सबकी नजर
कांग्रेस की तरफ से अभी तक नगर पालिका के चेयरमैन पद के लिए उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है। प्रदेश स्तर पर काफी चर्चा हुई है और नाम को लेकर सहमति भी बन चुकी है। चेयरमैन पद के लिए जो उम्मीदवार होगा, वह भूपेंद्र सिंह हुड्डा खेमे से ही माना जा रहा है। उम्मीद है कि दोपहर तक नाम की घोषणा हो जाएगी। हुड्डा के गढ़ में भाजपा की सेंध लगाने की तैयारी
सांपला हलका भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता है। किलोई हल्के से लगातार भूपेंद्र हुड्डा विधायक बनते आ रहे है। ऐसे में भाजपा के सामने हुड्डा के गढ़ में सेंध लगाने का पूरा प्रयास रहेगा। हुड्डा का गढ़ तोड़ने के लिए ही कांग्रेस से आए उम्मीदवार को टिकट दिया गया, जबकि भाजपा के पुराने कार्यकर्ता देखते रह गए। कल नामांकन का अंतिम दिन, अब तक 17 ने जमा करवाया
नपा चुनाव में नामांकन का कल अंतिम दिन है। अब तक प्रधान पद के लिए 5 और सदस्यों के लिए 12 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। आज भाजपा उम्मीदवार प्रवीण कोच व भाजपा कार्यकर्ता अनिल शर्मा आजाद उम्मीदवार के तौर पर चेयरमैन पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *