समालखा पुलिस ने अरेस्ट किया नशा तस्कर:ग्राहक की तलाश में घूम रहा, पुलिस को देखकर भागने की कोशिश, हेरोइन बरामद

समालखा पुलिस ने अरेस्ट किया नशा तस्कर:ग्राहक की तलाश में घूम रहा, पुलिस को देखकर भागने की कोशिश, हेरोइन बरामद

पानीपत जिले में एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने समालखा के मनाना मोड़ से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 11.93 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि उनकी टीम मंगलवार शाम को गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि जीटी रोड स्थित मनाना मोड़ पर डाहर निवासी एक युवक मादक पदार्थ बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर युवक मनाना गांव की ओर चलने लगा, जिसे कुछ ही दूरी पर काबू कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान साहिल निवासी डाहर बताई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार समालखा कैलाश चंद्र की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब से 11.93 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। कोर्ट से मिला एक दिन का रिमांड सब इंस्पेक्टर सुभाष के अनुसार, साहिल ने पूछताछ में बताया कि वह एक व्यक्ति से 15 ग्राम हेरोइन खरीद कर लाया था। इसमें से कुछ हेरोइन उसने राह चलते अज्ञात नशा करने वालों को बेच दी थी। मंगलवार को वह बची हुई 11.93 ग्राम हेरोइन को बेचने के लिए मनाना मोड़ पर ग्राहक की तलाश में आया था। थाना समालखा में आरोपी साहिल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से नशा सप्लायर के बारे में गहनता से पूछताछ करेगी और उसे पकड़ने का प्रयास करेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *