उपार्जन केंद्र पर रिश्वत मांगने के आरोप में चक्काजाम:तुलाई में देरी होने पर भी नाराजगी; खतौरा उपार्जन केंद्र पर हंगामा

उपार्जन केंद्र पर रिश्वत मांगने के आरोप में चक्काजाम:तुलाई में देरी होने पर भी नाराजगी; खतौरा उपार्जन केंद्र पर हंगामा

शिवपुरी जिले के बदरवास जनपद के खतौरा गांव स्थित उपार्जन केंद्र पर बुधवार को किसानों ने हंगामा किया। फसल तुलाई में लगातार देरी और प्रति ट्रॉली 3 हजार रुपए रिश्वत मांगने के आरोपों से नाराज किसानों ने खतौरा-ईसागढ़ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। यह प्रदर्शन करीब दो घंटे तक चला। जानकारी के अनुसार, किसान स्लॉट बुकिंग के आधार पर चना और मसूर की फसल लेकर केंद्र पर पहुंचे थे। किसानों का आरोप है कि वे पिछले सात दिनों से अपनी उपज लेकर केंद्र पर डटे हुए हैं, लेकिन अब तक उनकी तुलाई नहीं हो सकी है। बुधवार को स्लॉट बुकिंग का आखिरी दिन होने के बावजूद फसल नहीं तौली गई, जिससे किसानों में भारी नाराजगी थी। किसानों ने आरोप लगाया कि तुलाई कार्य में लगे कर्मचारी प्रति ट्रॉली अनाज पास कराने के लिए 3 हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर रहे थे। इसी बात को लेकर किसानों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर प्रशासन हरकत में आया और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को समझाइश दी और दोबारा तुलाई शुरू कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने जाम समाप्त किया। इस दौरान अनाज तुलाई को लेकर कोलारस विधायक महेंद्र यादव के चचेरे भाई मानवेंद्र यादव और वेयरहाउस संचालक राजीव यादव के बीच भी गहमागहमी की स्थिति बनी। वहीं, अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि गोदाम पर उपार्जन और हैंडलिंग चालान जनरेट करने वाला कर्मचारी दिव्यांग है, जिससे कार्य में देरी हुई। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ किसान मानकों के अनुरूप अनाज लेकर नहीं पहुंचे थे, जिसके कारण विवाद की स्थिति बनी। प्रशासन की मौजूदगी में करीब डेढ़ घंटे बाद तुलाई दोबारा शुरू करा दी गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *