जैसलमेर से रवाना की साबरमती एक्सप्रेस, 67 करोड़ की लागत वाला कोच केयर कॉम्प्लेक्स भी शुरू

जैसलमेर से रवाना की साबरमती एक्सप्रेस, 67 करोड़ की लागत वाला कोच केयर कॉम्प्लेक्स भी शुरू

जैसलमेर से साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन का आगाज शुक्रवार को किया गया। जोधपुर से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कला एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत ने ट्रेन सहित जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर 67 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित आधुनिक कोच केयर कॉम्प्लेक्स का वर्चुअली उद्घाटन किया।

इसके बाद साबरमती एक्सप्रेस को जैसलमेर स्टेशन से विधायक छोटूसिंह भाटी एवं अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। नई ट्रेन के संचालन से सीमावर्ती जिले के बाशिंदों के साथ पर्यटकों व व्यापारियों की पहुंच बढऩे की उम्मीद है। इसके लिए जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कोच केयर कॉम्पलेक्स की शुरुआत होने से अब जैसलमेर में ही टे्रनों का रखरखाव, जांच-पड़ताल और साफ-सफाई हो सकेगी।

जैसलमेर के लिए बड़ा दिन

इस अवसर पर विधायक छोटूसिंह भाटी ने कहा कि आज का दिन जैसलमेर के लिए बड़ा दिन है। उन्होंने इन सौगातों के लिए प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और पर्यटन मंत्री का आभार जताया और कहा कि यह सुविधा प्रत्येक वर्ग के लोगों के लिए फायदेमंद साबित होगी। कार्यक्रम में निवर्तमान सभापति हरिवल्लभ कल्ला, सीमा सुरक्षा बल के कमांडेंट पीयूष, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष भंवरसिंह साधना, नगर अध्यक्ष अरूण पुरोहित और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

जैसलमेर विस्तार से यात्रियों को मिलेगी तेज, सुगम और बेहतर रेल सुविधा

साबरमती-जोधपुर ट्रेन का विस्तार जैसलमेर तक होने के बाद पहली बार शुक्रवार को ट्रेन के रामदेवरा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर स्वागत समारोह आयोजित किया गया। ट्रेन के आगमन पर सांकड़ा पंचायत समिति के पूर्व प्रधान भगवतसिंह तंवर के नेतृत्व में लोको पायलट दल का माला और साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस विस्तार के बाद वाया रामदेवरा जैसलमेर से साबरमती तक रेल संपर्क को नई मजबूती मिली है।

जानकारी के अनुसार जैसलमेर से जोधपुर की ओर जा रही साबरमती ट्रेन जैसे ही रामदेवरा रेलवे स्टेशन पहुंची, वहां मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ ट्रेन और लोको पायलट दल का स्वागत किया। इस दौरान भंवर विश्नोई, उम्मेदसिंह एका, निम्बसिंह, वार्ड पंच रामदयाल ओड, रेवताराम ओड, रामचंद्र छगानी सहित कई लोग मौजूद रहे। रेल सेवाओं के विस्तार के साथ जैसलमेर जिला मुख्यालय को लंबी दूरी की ट्रेनों से जोड़ा जा रहा है। साबरमती-जोधपुर ट्रेन का जैसलमेर तक विस्तार होने से गुजरात और पश्चिमी राजस्थान के यात्रियों को यात्रा में अधिक सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही जोधपुर और जैसलमेर के बीच स्थित स्टेशनों के यात्रियों को भी बेहतर आवागमन का लाभ मिल सकेगा। नई रेल सेवा से यात्रियों के समय और यात्रा खर्च में कमी आने की संभावना है। पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को भी इससे गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *