टेक्सटाइल में क्रांति: भीलवाड़ा में तैयार फायर रेजिस्टेंट यार्न, 3 गुना ज्यादा कीमत पर हो रहा एक्सपोर्ट

टेक्सटाइल में क्रांति: भीलवाड़ा में तैयार फायर रेजिस्टेंट यार्न, 3 गुना ज्यादा कीमत पर हो रहा एक्सपोर्ट

Bhilwara Technical Textile Hub: वस्त्रनगरी भीलवाड़ा के टेक्सटाइल उद्योग ने तकनीकी टेक्सटाइल के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर पूरे प्रदेश का मान वैश्विक पटल पर बढ़ाया है। स्पिनिंग इकाइयां अब साधारण कॉटन यार्न के परंपरागत ढर्रे से आगे बढ़कर उच्च मूल्य वाले फायर रेजिस्टेंट (अग्नि-अवरोधक) और फ्लेम-रिटार्डेंट यार्न का उत्पादन कर बड़े पैमाने पर निर्यात कर रही हैं।
इस विशेष धागे को तैयार करने के लिए जापान की कानेका कॉर्पोरेशन के ‘प्रोटेक्स’ ब्रांड वाले फ्लेम-रिटार्डेंट मोडाक्रिलिक फाइबर का उपयोग किया जा रहा है। इसने राजस्थान के कपड़ा उद्योग को एक नई दिशा दी है।

विदेशी बाजार में धाक: कीमत में जबरदस्त उछाल

इस नए तकनीकी बदलाव से राजस्थान विशेषकर भीलवाड़ा के उद्योगों को वैश्विक बाजार में जबरदस्त प्रीमियम मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में जहां सामान्य कॉटन यार्न की निर्यात दरें महज 3 से 3.50 डॉलर प्रति किलोग्राम के बीच बनी हुई हैं, वहीं मोडाक्रिलिक फाइबर से तैयार इस ब्लेंडेड धागे की निर्यात कीमत 9 से 12 डॉलर प्रति किलोग्राम तक पहुंच रही है। यानी यह अनूठा उत्पाद सामान्य धागे के मुकाबले करीब 3 से 4 गुणा अधिक मूल्य पर निर्यात हो रहा है। इससे राज्य के विदेशी मुद्रा भंडार और औद्योगिक साख दोनों में भारी बढ़ोतरी हो रही है।

इसलिए खास है यह फाइबर और यार्न

इस धागे की सबसे बड़ी खासियत इसकी जन्मजात अग्नि-अवरोधक क्षमता है। यह किसी केमिकल कोटिंग पर निर्भर नहीं करता, बल्कि इसके पॉलीमर ढांचे में ही यह गुण शामिल है। नतीजतन, बार-बार धोने या लंबे समय तक इस्तेमाल के बाद भी इसकी आग बुझाने की क्षमता कभी खत्म नहीं होती।

अग्नि अवरोधक कपड़े, पत्रिका फोटो

सुरक्षात्मक कवच

अत्यधिक गर्मी या सीधे आग के संपर्क में आने पर यह धागा तुरंत खुद को बुझा लेता है और एक सुरक्षात्मक कार्बोनाइज्ड बैरियर बना देता है, जो आग की लपटों को आगे फैलने से पूरी तरह रोक देता है।

आरामदेह और सुरक्षित

प्रोटेक्स मोडाक्रिलिक फाइबर अत्यधिक मुलायम, आसानी से रंगने योग्य और ड्रेपेबल होता है। भीलवाड़ा के स्पिनर्स इसे कॉटन, वूल, एरामिड्स या एफआर विस्कोस के साथ मिक्स करके ऐसा कपड़ा तैयार कर रहे हैं जो सुरक्षा मानकों को पूरा करने के साथ-साथ पसीना सोखने और पहनने में बेहद आरामदायक होता है।

अग्नि अवरोधक कपड़े, पत्रिका फोटो

त्वचा के अनुकूल

यह फाइबर इको-फ्रेंडली और सुरक्षित है। इसका मतलब है कि यह पूरी तरह हानिकारक रसायनों से मुक्त है और हेवी-ड्यूटी वर्कवियर (औद्योगिक कपड़ों) में इस्तेमाल के दौरान भी त्वचा के लिए पूरी तरह सुरक्षित है।

यहां हो रहा सर्वाधिक इस्तेमाल

पेट्रोकेमिकल, इलेक्ट्रिकल और अग्निशमन उद्योगों के सुरक्षात्मक सूट और गियर में।

रात या कम रोशनी में चमकने वाले फ्लोरोसेंट एफआर जैकेट और वेंट्स जो पूरी तरह हवादार होते हैं।

सख्त अग्नि मानकों वाले गद्दे, पर्दे, सोफा कवर और हवाई जहाज या ट्रेनों में इस्तेमाल होने वाले कंबल में।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़ी मांग

भीलवाड़ा का टेक्सटाइल उद्योग अब पारंपरिक उत्पादन से निकलकर वैल्यू ऐडेड और टेक्निकल टेक्सटाइल की तरफ कदम बढ़ा रहा है। स्पिनिंग मिलों को वैश्विक वैल्यू चेन में सबसे आगे स्थापित कर देगा। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सुरक्षा मानकों को लेकर बढ़ती कड़ाई के बीच हमारे इस उत्पाद की मांग लगातार बढ़ रही है।
-आरके जैन, महासचिव, मेवाड़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *