इरफान और वफा के बीच सुलह! विधायक नसीम बोलीं- खत्म हुई गलतफहमी, पुलिस बोली-जानकारी नहीं

इरफान और वफा के बीच सुलह! विधायक नसीम बोलीं- खत्म हुई गलतफहमी, पुलिस बोली-जानकारी नहीं

Irfan Solanki and Wafa Abbas: कानपुर के चमनगंज स्थित हलिम कॉलेज मैदान में लगने वाली पशु मंडी को लेकर पूर्व विधायक इरफान सोलंकी और मंडी संचालक वफा अब्बास के बीच चल रहा विवाद अब खत्म होता दिखाई दे रहा है। विधायक नसीम सोलंकी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह अपने पति इरफान सोलंकी और वफा अब्बास के साथ नजर आईं। वीडियो में उन्होंने कहा कि अब दोनों पक्षों के बीच की गलतफहमी दूर हो चुकी है और सभी गिले-शिकवे खत्म कर दिए गए हैं।

रंगदारी और लूट के आरोप से बढ़ा था विवाद

दरअसल, हलिम कॉलेज मैदान में लगने वाली पशु मंडी के संचालक वफा अब्बास ने आरोप लगाया था कि कुछ दिन पहले पूर्व विधायक इरफान सोलंकी अपने साथियों और गनर के साथ मंडी पहुंचे थे। आरोप था कि मंडी लगाने के नाम पर तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और करीब 2.70 लाख रुपये लूट लिए गए। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।

मामले को गंभीर मानते हुए चमनगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं, विधायक की सुरक्षा में तैनात गनर अजिम अहमद को भी निलंबित कर दिया गया था। घटना के बाद पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी हुई थी।

विधायक नसीम सोलंकी ने कही भाईचारे की बात

सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आए वीडियो में विधायक नसीम सोलंकी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से जिस मामले को लेकर चर्चाएं हो रही थीं, अब उस पर विराम लग गया है। उन्होंने कहा कि इरफान सोलंकी ने अपने छोटे भाई समान वफा अब्बास को गले लगाकर सभी शिकायतें खत्म कर दी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अब कोई भी विवादित टिप्पणी न करे और सभी लोग आपसी भाईचारे और मोहब्बत के साथ रहें।

नसीम सोलंकी ने कहा कि समाज में शांति और आपसी सौहार्द सबसे जरूरी है। अगर लोग प्यार और सम्मान के साथ रहें तो इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता।

पुलिस बोली- समझौते की आधिकारिक जानकारी नहीं

हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन ने अभी किसी समझौते की पुष्टि नहीं की है। चमनगंज थाना प्रभारी संजय कुमार राय ने बताया कि पुलिस को अब तक किसी आधिकारिक समझौते की जानकारी नहीं दी गई है। फिलहाल दर्ज मुकदमे की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *