रतलाम के संविदा कर्मियों ने सरकार को भेजे मेल, आज उठाएंगे ये कदम

रतलाम के संविदा कर्मियों ने सरकार को भेजे मेल, आज उठाएंगे ये कदम

रतलाम. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत जिले में कार्यरत 509 संविदा स्वास्थ्य कर्मी अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। यह हड़ताल आज चौथे दिन भी जारी रही, जिससे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर आंशिक असर देखा गया।

जिले के 120 से अधिक संविदा कर्मियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से एकजुटता दिखाते हुए जिला अस्पताल परिसर में एकत्र होकर अपना विरोध दर्ज कराया। हड़ताली संविदा कर्मियों ने अपनी मांगों से अवगत कराने के लिए प्रबंध निदेशक (एमडी), राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री को विस्तार से इमेल भेजे हैं। शनिवार को हड़ताल स्थल पर सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा

आठ सूत्रीय मांगें पूरी नहीं होने तक हड़ताल
उनका कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार से बातचीत का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। संविदा कर्मियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी आठ सूत्रीय मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक उनकी यह अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। इस दौरान वे विभिन्न तरीकों से अपना विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे।

शनिवार को सुंदरकांड पाठ
आंदोलन के अगले चरण के तहत संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि शनिवार को हड़ताल स्थल पर सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन के माध्यम से वे अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने और अपनी मांगों की पूर्ति के लिए प्रार्थना करने का निर्णय किया है। संविदा कर्मियों का आरोप है कि सरकार उनकी सेवाओं और योगदान को नजरअंदाज कर रही है, जबकि वे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं। उनकी प्रमुख मांगों में वेतन वृद्धि, नियमितीकरण और अन्य सेवा लाभ शामिल हैं।

ये रहे हड़ताल पर
जिला अस्पताल में शुक्रवार सुबह 10 से 3 बजे तक 120 के करीब संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी हड़ताल पर रहें। इनमें एएनएम, स्टॉफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, कम्प्यूटर ऑपरेटर, संविदा डॉक्टर, प्रोग्राम मैनेजमेंट यूनिट, तकनीकी और मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ता आदि शामिल हुए। जिन्होंने अपने-अपने मोबाइल के माध्यम से आठ सूत्रिय मांगों के संबंध में एमडी, स्वास्थ्य मंत्री, मुख्यमंत्री आदि को ईमेल कर परेशानी रखी और हड़ताल से अवगत कराया।

हनुमान मंदिर में सुंदरकांड
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष रेखा जैन ने बताया कि शनिवार सुबह 10 बजे सभी संविदा स्वास्थ्यकर्मी जिला अस्पताल में एकत्रित होंगे। 11 बजे से अस्पताल के समीप आरोग्य हनुमान मंदिर में सुंदरकांड कर सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की जाएगी। हमें नौकरी से हटाने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से पत्र पहुंचाए जा रहे हैं, जिनकी होली भी जलाई जाएगी।

ये कार्य हो रहे प्रभावित
संविदा स्वास्थ्य कर्मियों के हड़ताल पर रहने से ऑनलाइन कार्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही बच्चों का टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की जांच, दवाई वितरण सहित संजीवनी क्लीनिक पर कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *