सर्वर के बहाने तीन घंटे से राशन वितरण था बंद:बुरहानपुर में एसडीएम की फटकार के बाद बंटा अनाज; धूप में थैलियां रखकर खड़े थे

बुधवार सुबह बुरहानपुर के सिरपुर स्थित एक शासकीय उचित मूल्य दुकान पर राशन वितरण में लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां दुकान संचालक सर्वर डाउन होने का बहाना बनाकर तीन घंटे से उपभोक्ताओं को राशन नहीं दे रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे नेपानगर एसडीएम भागीरथ वाखला ने लोगों की भीड़ देखी और हस्तक्षेप किया। एसडीएम की फटकार के बाद तत्काल प्रभाव से राशन वितरण शुरू हो सका। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित सिरपुर स्थित इस राशन दुकान के बाहर सुबह से उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगी हुई थीं। परेशान लोग धूप में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। स्थिति यह थी कि भीड़ और गर्मी के कारण लोगों ने अपनी थैलियों को ही कतारबद्ध तरीके से जमीन पर रख दिया था। एसडीएम ने भीड़ देखकर रोकी गाड़ी बुधवार सुबह नेपानगर एसडीएम भागीरथ वाखला सिरपुर से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर दुकान के बाहर लगी भारी भीड़ पर पड़ी और उन्होंने अपनी गाड़ी रोक ली। एसडीएम ने मौके पर जाकर दुकान संचालक से राशन वितरण में हो रही देरी का कारण पूछा। संचालक ने जवाब दिया कि पिछले तीन घंटे से सर्वर डाउन है, जिसके कारण राशन वितरण नहीं हो पा रहा है। इस लापरवाही पर एसडीएम ने संचालक को कड़ी फटकार लगाई और बहानेबाजी छोड़कर तुरंत वितरण शुरू करने के निर्देश दिए। उनके सख्त रुख के बाद उपभोक्ताओं को अनाज मिलना प्रारंभ हो गया। पोर्टेबिलिटी सुविधा बंद होने से सिर्फ पंजीकृत दुकान से मिल रहा राशन
सिरपुर की यह शासकीय राशन दुकान आसपास के कई क्षेत्रों के निवासियों को अनाज उपलब्ध कराती है। इस बार केंद्र सरकार द्वारा पोर्टेबिलिटी का राशन उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे उपभोक्ताओं की निर्भरता एक ही दुकान पर बढ़ गई है। पोर्टेबिलिटी बंद होने के कारण अब उपभोक्ताओं को केवल अपनी पंजीकृत कंट्रोल दुकान से ही राशन प्राप्त हो रहा है, जबकि इससे पहले वे अपनी सुविधानुसार किसी भी राशन दुकान से अनाज ले सकते थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *